Mumbai News: सरकार की आंखों में मुंबई नाम खटक रहा है, इसलिए फिर कड़वाहट बहार आ गई - राज ठाकरे

सरकार की आंखों में मुंबई नाम खटक रहा है, इसलिए फिर कड़वाहट बहार आ गई - राज ठाकरे
  • मनसे अध्यक्ष का दावा - मुंबई को गुजरात से जोड़ने का शुरू है प्रयास
  • राज ठाकरे ने सिंह के बयान के बहाने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा

Mumbai News. केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बाम्बे का नाम आईआईटी मुंबई न करने संबंधी बयान को लेकर राजनीति गरमा गई है। मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने सिंह के बयान के बहाने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा है। बुधवार को सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में राज ने कहा कि अच्छा हुआ कि सिंह ने यह बयान दिया है। उनका बयान सरकार की मानसिकता दर्शाता है। राज ने कहा कि सत्ताधारियों को मुंबई नाम आंखों में खटक रहा है। क्योंकि मुंबई नाम इस शहर की मुंबादेवी के नाम पर रखा गया है। मुंबादेवी के सभी बच्चे यानी यहां पीढ़ियों से रहने वाले मराठी लोग हैं। राज ने कहा कि मुंबई हमेशा से मराठी भाषिकों की रही है। मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करने की साजिश मराठी नेताओं और जनता ने नाकाम कर दिया। इसलिए हमारी मराठी मुंबई और महाराष्ट्र में ही रही। लेकिन इसको लेकर कई दशकों से उनके मन में जो कड़वाहट भरी हुई थी। वह अब एक बार फिर बाहर आनी शुरू हो गई है। राज ने कहा कि केंद्र सरकार ने चंडीगढ़ शहर को पंजाब के नियंत्रण से हटाने की कोशिश की थी। जिसका सभी दलों ने विरोध किया। इसके बाद सरकार ने अस्थायी रूप से कदम पीछे खींच लिए हैं। इस तरह मुंबई को लेकर भी ऐसा कुछ चल रहा है। पहले मुंबई और फिर संपूर्ण मुंबई महानगर क्षेत्र पर कब्जा करके उसको गुजरात से जोड़ने का प्रयास शुरू है। राज ने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री का मुंबई, महाराष्ट्र और पड़ोसी प्रदेश गुजरात से कोई संबंध नहीं है। वह जम्मू-कश्मीर से आते हैं। लेकिन उन्होंने भाजपा के शीर्ष के मन की बात बोलकर शाबासी हासिल करने की कोशिश की है। इससे पहले बीते सोमवार को सिंह ने आईआईटी बाम्बे में आयोजित एक समारोह में कहा था कि शुक्र है कि इसका नाम बदलकर आईआईटी मुंबई नहीं किया है। यह एक और प्रशंसा की बात है। आईआईटी मद्रास का नाम भी नहीं बदला गया है।

मैं प्रधानमंत्री को नाम बदलने पत्र लिखूंगा - मुख्यमंत्री

राज के बयान पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पलटवार किया है। नागपुर में मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखकर आईआईटी बाम्बे का नाम आईआईटी मुंबई करने की मांग करूंगा। लेकिन राज अपनी सुविधा के अनुसार राजनीति कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि मैं राज ने अपने बेटे अमित ठाकरे को जिस स्कूल में पढ़ाया है, उसका नाम बदलने की मांग नहीं करूंगा। उल्लेखीय है कि अमित ने बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल से शिक्षा हासिल की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बॉम्बे शहर का नाम मुंबई करने में भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने अहम भूमिका निभायी थी। यह बात सभी को याद रखनी चाहिए।

राज पोते का दाखिला बाल मोहन विद्या मंदिर में कराएं- अमित साटम

मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने कहा कि राज को अपने पोते का दाखिला बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल के बजाय बाल मोहन विद्या मंदिर स्कूल में करवाना चाहिए। साटम ने कहा कि राज ने अपने बेटे अमित ठाकरे को बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल में पढ़ा था। अमित ने कक्षा 11 वीं में मराठी भाषा के बजाय जर्मन भाषी पढ़ी थी। इसलिए भाजपा को मुंबई को लेकर किसी को समझाने की जरूरत नहीं है।

Created On :   26 Nov 2025 10:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story