- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- फडणवीस के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री...
Mumbai News: फडणवीस के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा हुए डेढ़ करोड़ रुपए

- मंत्रियों, विधायकों और आम जनता ने किया दान
- 50 रुपए से लेकर 11 लाख तक की राशि की गई जमा
Mumbai News महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का 22 जुलाई को जन्मदिन था। फडणवीस ने भाजपा समेत अन्य सभी पार्टियों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील कर उनके जन्मदिन पर होर्डिंग, बैनर या बुके पर खर्च होने वाली राशि को मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की अपील की थी। मुख्यमंत्री सहायता निधि कक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक मंत्रियों, विधायकों और आम जनता ने करीब डेढ करोड रुपए की राशि फडणवीस के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री राहत कोष में अदा की है। सहायता निधि कक्ष के प्रमुख रामेश्वर नाईक ने कहा कि अभी भी चेक और डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से राशि मिलने का सिलसिला जारी है। ऐसे में अगले एक दिन दो दिनों में यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है।
फडणवीस की अपील का हुआ असर : मुख्यमंत्री फडणवीस ने अपने जन्मदिन से एक दिन पहले अपने शुभचिंतकों को संदेश देते हुए कहा था कि लोग उनके जन्मदिन पर बैनर, होर्डिंग या किसी अन्य विज्ञापन पर राशि खर्च न करें। इसके बजाय वह उस पैसे को मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा करें, जिससे इस निधि के माध्यम से मरीजों के इलाज में मदद मिल सकेगी। फडणवीस की अपील का यह असर हुआ कि राज्य सरकार के मंत्री, विधायक एवं पार्टी के कार्यकर्ताओं के अलावा आम लोगों ने अपनी स्वेच्छा से रकम राहत कोष में जमा की है। चिकित्सा कक्ष के प्रमुख रामेश्वर नाईक ने कहा कि करीब आधा दर्जन मंत्रियों एवं 30 से ज्यादा विधायकों ने मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर राशि राहत कोष में जमा की है। नाईक ने कहा कि गुरुवार शाम तक करीब डेढ़ करोड रुपए की राशि राहत कोष में जमा हुई है। जिसमें 50 रुपए से लेकर 11 लाख तक की राशि लोगों ने राहत कोष में जमा कराई है। यह सभी राशि ऑनलाइन, डिमांड ड्राफ्ट के अलावा चेक के जरिए कक्ष को मिली हैं।
क्या है मुख्यमंत्री राहत कोष? : मुख्यमंत्री राहत कोष का उद्देश्य महाराष्ट्र के साथ-साथ देश भर में आपदा पीड़ितों को तत्काल सहायता प्रदान करना है। इसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए भी निधि उपलब्ध कराई जाती है। मुख्यमंत्री चिकित्सा कक्ष की शुरुआत देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री के पहले कार्यकाल के दौरान हुई थी। इसके बाद लाखों लोगों को इस चिकित्सा कक्ष के जरिए इलाज के लिए रकम मुहैया कराई गई है। खबर के मुताबिक अगले कुछ दिनों में चिकित्सा कक्ष में निधि के आवेदन के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जिससे पीड़ित व्यक्तियों को मुख्यमंत्री कार्यालय के चक्कर काटने नहीं पड़ेंगे। इसके लिए तहसील और जिला स्तर पर समन्वय बनाने के लिए अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है।
Created On :   24 July 2025 8:05 PM IST