Mumbai News: कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे की कुर्सी खतरे में, लिया जा सकता है इस्तीफा

कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे की कुर्सी खतरे में,  लिया जा सकता है इस्तीफा
  • मुख्यमंत्री फडणवीस ने राज्य के हालातों की जानकारी अमित शाह को दी
  • महाराष्ट्र के विवादित मंत्रियों पर भी चर्चा की

Mumbai News विधान परिषद में रमी खेलने को लेकर विवादों में आए राज्य के कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे की कुर्सी खतरे में दिखाई दे रही है। सूत्रों का दावा है कि मंगलवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक से पहले ही कोकाटे का इस्तीफा लिया जा सकता है। खबर है कि राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं राकांपा (अजित) प्रमुख अजित पवार कोकाटे के द्वारा की गई बयानबाजी और रमी खेलने की घटना को लेकर नाराज हैं। जिसके चलते उनका इस्तीफा लिया जा सकता है। इस बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि फडणवीस ने महाराष्ट्र में चल रही गतिविधियों की जानकारी अमित शाह को दी है।

दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से पहले शुक्रवार को राकांपा (अजित) सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने मुलाकात की। सूत्रों का दावा है कि तटकरे ने अपनी पार्टी के प्रमुख अजित पवार के फैसले की जानकारी मुख्यमंत्री फडणवीस को दी। तटकरे से मिलने के बाद फडणवीस ने भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह से मुलाकात की। दोनों ही नेताओं में करीब 25 मिनट तक चर्चा हुई, जिसमें महाराष्ट्र के विवादित मंत्रियों पर भी चर्चा की खबर है।

कोकाटे के इस्तीफे पर अजित गुट में दो राय : कोकाटे पर बढ़ते इस्तीफे के दबाव के बाद अब राकांपा (अजित) में दो राय होती हुई दिखाई दे रही है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व चाहता है कि माणिकराव कोकाटे का इस्तीफा लेकर जल्द से जल्द इस विवाद पर पर्दा डाला जाए। लेकिन पार्टी के कुछ विधायकों का मानना है कि अगर कोकाटे को मंत्री पद से हटाया जाता है तो छह महीने के अंदर दो मंत्रियों को हटाने के मुद्दे पर विपक्ष अजित गुट को आगामी स्थानीय चुनाव में घेरने की कोशिश करेगा। इसलिए कोकाटे का इस्तीफा न लेकर बल्कि उनका विभाग बदल दिया जाना चाहिए।

कोकाटे के बयानों से मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री हैं नाराज : पहले विधान परिषद में रमी खेलने का वीडियो वायरल होने पर एवं उसके बाद किसानों एवं राज्य सरकार को भिखारी कहने वाले बयान के बाद राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दोनों उपमुख्यमंत्री अजित पवार एवं एकनाथ शिंदे कड़ी नाराजगी जता चुके हैं। तीनों ही नेताओं ने कोकाटे के बयान को गैरजिम्मेदाराना और लापरवाह बयान करार दिया। अजित ने तो गुरुवार को ही पार्टी के नेताओं को इस तरह की बयानबाजी से बचने को कह दिया था।


Created On :   25 July 2025 7:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story