Mumbai News: जेलों में क्षमता से कहीं अधिक है कैदी, वरली डेयरी क्लस्टर पुनर्विकास के लिए भी होगा विचार

जेलों में क्षमता से कहीं अधिक है कैदी, वरली डेयरी क्लस्टर पुनर्विकास के लिए भी होगा विचार
  • राज्य में जेलों की क्षमता 27110, मगर प्रत्यक्ष कैदी 39009
  • वरली डेयरी क्लस्टर पुनर्विकास के लिए भी होगा विचार

Mumbai News. प्रदेश के जेलों में कैदियों के रखने की क्षमता 27110 है। लेकिन जेलों में प्रत्यक्ष रूप से 39009 कैदी हैं। इसमें से 31489 विचाराधीन कैदी हैं। विधान परिषद में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 31 दिसंबर 2024 तक मुंबई सेंट्रल जेल (आर्थर रोड) में 3336, ठाणे सेंट्रल में 3933 और पुणे के येरवडा सेंट्रल जेल मंं 5452 विचाराधीन कैदी हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि गरीब कैदियों की मदद करने की केंद्र सरकार के योजना के तहत 29 कैदियों की जमानत राशि जमा की गई है। एक सजायाफ्ता कैदी को दंड की राशि भरने के लिए आर्थिक मदद की गई है। सामाजिक संस्थाओं और जिला विधि सेवा प्राधिकरण के माध्यम से विचाराधीन कैदियों को मुफ्त में कानूनी सलाह दी जाती है। फडणवीस ने बताया कि न्यायालयीन प्रकरणों को जल्द गति से निपटाने के लिए मुंबई, ठाणे और पुणे के सेंट्रल जेल परिसर में जेलकोर्ट की व्यवस्था की गई है। सदन में शिवसेना (उद्धव) के सदस्य मिलिंद नार्वेकर, शिवसेना (उद्धव) के सदस्य सचिन अहिर और (उद्धव) के सदस्य सुनील शिंदे ने सवाल पूछा था।

वरली डेयरी के क्लस्टर पुनर्विकास के लिए विचार करेंगे- अतुल सावे

राज्य सरकार वरली सरकारी डेयरी समेत अन्य डेयरियों का क्लस्टर पुनर्विकास करने के लिए विचार करेगी। विधान परिषद में राज्य के दुग्धविकास विकास मंत्री अतुल सावे ने यह जानकारी दी। बुधवार को प्रश्नकाल में शिवसेना (उद्धव) के सदस्य सचिन अहिर और भाजपा सदस्य प्रवीण दरेकर ने इस बारे में सवाल पूछा था। इसके जवाब में सावे ने बताया कि वरली डेयरी परिसर में कुल 16 इमारतों की जर्जर हालत हो गई थी। जिसमें से स्ट्रक्चरल ऑडिट के बाद 2 इमारतों को ढहा दिया गया है। जबकि बची हुई 14 इमारतों में से 7 इमारतों के मरम्मत काम के लिए 2 करोड़ 54 लाख रुपए मंजूर किए हैं।


Created On :   5 March 2025 9:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story