Mumbai News: तीन दिवसीय दिल्ली दौरे पर उद्धव - गांधी परिवार के साथ करेंगे डिनर डिप्लोमेसी, वर्षा गायकवाड को दिल्ली बुलाया

तीन दिवसीय दिल्ली दौरे पर उद्धव - गांधी परिवार के साथ करेंगे डिनर डिप्लोमेसी, वर्षा गायकवाड को दिल्ली बुलाया
  • उद्धव गांधी परिवार के साथ करेंगे डिनर डिप्लोमेसी
  • तीन दिवसीय दिल्ली दौरे पर उद्धव
  • वर्षा गायकवाड को दिल्ली बुलाया

Mumbai News. शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे बुधवार से तीन दिवसीय दिल्ली दौरे पर रहेंगे। जहां वह 7 अगस्त को होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होंगे। इस दौरे के दौरान वे गांधी परिवार के सदस्यों के साथ डिनर डिप्लोमेसी करेंगे। जानकारी के अनुसार, उद्धव ठाकरे का यह दौरा आगामी चुनावों की दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। वे दिल्ली में राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से भी मुलाकात करेंगे। खबर है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उद्धव ठाकरे से फोन पर बातचीत की और उन्हें गुरुवार को होने वाली इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। संसद के मानसून सत्र से पहले एक ऑनलाइन बैठक को छोड़ दें, तो लोकसभा चुनाव के बाद इंडिया गठबंधन के प्रमुख नेताओं की अब तक एक भी बैठक नहीं हुई है। इस कारण यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

वर्षा गायकवाड का मुंबई के नेताओं से नहीं सुलझ रहा है विवाद, आलाकमान ने 6 अगस्त को दिल्ली बुलाया

उधर जब से मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में सांसद वर्षा गायकवाड़ ने कमान संभाली है तभी से मुंबई के बड़े नेताओं से उनका समन्वय नहीं हो पा रहा है। मुंबई कांग्रेस के कई बड़े नेता कई बार दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान से मिलकर वर्षा गायकवाड़ की शिकायत कर चुके हैं। अब आलाकमान ने मुंबई कांग्रेस के कई शीर्ष नेताओं को 6 अगस्त को दिल्ली तलब किया है, ताकि मुंबई में बीएमसी चुनाव से पहले पार्टी को एकजुट किया जा सके। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भी पार्टी के 16 वरिष्ठ नेताओं ने अध्यक्ष वर्षा गायकवाड को मुंबई अध्यक्ष पद से हटाने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर मुलाकात की थी। सूत्रों का कहना है कि नाराज नेताओं का मानना है कि वर्षा ने न तो लोकसभा चुनाव में पार्टी के नेताओं के साथ समन्वय के साथ काम किया और न ही विधानसभा चुनाव में। ऐसे में पार्टी का कैडर दिन पर दिन मुंबई में गिरता जा रहा है। यहां तक कि मुंबई के करीब एक दर्जन पूर्व नगरसेवक पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टियों में शामिल हो चुके हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने 'दैनिक भास्कर' से बातचीत में कहा कि वर्षा को मुंबई कांग्रेस का अध्यक्ष बने 2 वर्ष से भी ज्यादा का समय हो चुका है लेकिन पार्टी के मुंबई के नेताओं के साथ उनका कोई समन्वय नहीं है। करीब एक वर्ष पहले मुंबई कांग्रेस के 16 नेताओं ने गायकवाड़ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था और कांग्रेस अध्यक्ष से मिलकर गायकवाड़ की शिकायत की थी। जिसके बाद आलाकमान ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला को इस विवाद को हल कराने की जिम्मेदारी दी थी। इसी क्रम में अब आलाकमान ने 6 अगस्त को दिल्ली में मुंबई कांग्रेस के बड़े नेताओं की बैठक बुलाई है।

इन नेताओं ने एक साल पहले लिखा था पत्र

जिन नेताओं ने कांग्रेस आलाकमान को गायकवाड़ के खिलाफ पत्र लिखा था उनमें हस्ताक्षर करने वालों में मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष जनार्दन चांदूरकर, भाई जगताप, पूर्व विधायक नसीम खान, सुरेश शेट्टी, अमरजीत मन्हास, चरण सिंह सपरा, नेता भूषण पाटील और राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य चंद्रकांत हंडोरे शामिल थे। पत्र लिखने वाले एक नेता ने कहा था कि पार्टी के ज्यादातर नेताओं का मानना है कि वर्षा ने हाल ही में उत्तर-मध्य मुंबई लोकसभा सीट से चुनाव जीता है, ऐसे में उनके पास मुंबई में संगठन को मजबूत करने के लिए समय नहीं है। इसके अलावा मुंबई के कई वरिष्ठ नेता उनकी कार्यशैली से भी खुश नहीं हैं।

Created On :   4 Aug 2025 9:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story