सवाल सुरक्षा का: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद एक्शन में मुंबई पुलिस, बॉलीवुड सितारों के लिए जारी सख्त एडवाइजरी

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद एक्शन में मुंबई पुलिस, बॉलीवुड सितारों के लिए जारी सख्त एडवाइजरी
  • बिश्नोई गैंग की धमकियां और बड़े सितारों की रेकी
  • फेक कॉल्स और बिश्नोई गैंग के नाम पर अफवाह

डिजिटल डेस्क, मुंबई. अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की सनसनीखेज वारदात और बॉलीवुड हस्तियों की रेकी के खुलासे के बाद मुंबई पुलिस बेहद अलर्ट मोड पर आ गई है। सितारों पर मंडराते खतरे को देखते हुए मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण और सख्त एडवाइजरी जारी की है। सूत्रों के अनुसार, मुंबई पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने अभिनेताओं को हिदायत दी है कि वे फिलहाल सार्वजनिक ठिकानों पर आम फैंस के बीच जाने से बचें। पुलिस ने सितारों को अनजान भीड़ में खड़े होकर फैंस के साथ सेल्फी लेने से सख्त परहेज करने की सलाह दी है। इसके अलावा ऐसे किसी भी कार्यक्रम या इवेंट में शामिल न होने के निर्देश दिए गए हैं जहाँ सुरक्षा में सेंध लगने या किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका हो सकती है।

बिश्नोई गैंग की धमकियां और बड़े सितारों की रेकी

विदित है कि पिछले कुछ समय से लॉरेंस बिश्नोई गैंग द्वारा लगातार कई अभिनेताओं को धमकियां दी जा रही हैं। टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग मामले में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने यह चौंकाने वाली जानकारी आई थी कि उनके निशाने पर मुख्य रूप से सलमान खान, आमिर खान, अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार जैसे बड़े सितारे थे। हालांकि, इन दिग्गजों की कड़ी सुरक्षा के कारण आरोपी अपने प्लान को अंजाम नहीं दे सके और उन्होंने टाइगर श्रॉफ को आसान निशाना समझकर उन पर हमला किया। जांच में यह भी सामने आया था कि आरोपियों ने कई सेलेब्स के घरों के बाहर रेकी की थी।

फेक कॉल्स और बिश्नोई गैंग के नाम पर अफवाह

सितारों को मिल रही धमकियों के बीच हाल ही में अमिताभ बच्चन के घर को ग्रेनेड से उड़ाने तथा तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना जैसे अभिनेताओं को भी धमकियां मिलने की खबरें आई थीं। धमकी देने वाले खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बता रहे थे। हालांकि, मुंबई पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए बेंगलुरु से वैभव मिश्रा नाम के एक आईटी इंजीनियर को गिरफ्तार किया है, जो सितारों को धमकी भरे ईमेल भेज रहा था। पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं है। तमाम फर्जी धमकियों के बावजूद पिछले घटनाक्रमों को गंभीरता से लेते हुए मुंबई पुलिस कोई भी जोखिम नहीं उठाना चाहती। अभिनेताओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए ही यह एहतियाती एडवाइजरी जारी की गई है।

Created On :  

Tags

Next Story