लापरवाही: मुंबई के लाखों लोगों के दिलो-दिमाग से कोरोना का डर काफुर

लापरवाही: मुंबई के लाखों लोगों के दिलो-दिमाग से कोरोना का डर काफुर
  • 78 लाख से ज्यादा मुंबईकरों ने नहीं लगवाया बूस्टर टीका
  • 10 लाख ने नहीं ली दूसरी डोज
  • महानगर के 24 वार्डों में खुले हैं 26 टीका केंद्र

डिजिटल डेस्क, मुंबई, मोफीद खान। मुंबईकरों के दिलो-दिमाग से कोरोना का डर काफुर हो गया लगता है। महानगर के लाखों लोगों ने कोविड रोधी टीके की दूसरी और तीसरी डोज (बूस्टर) नहीं लगवाई है। मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 10 लाख 78 हजार 647 मुंबईकरों ने कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज और 78 लाख 74 हजार 758 लोगों ने बूस्टर डोज नहीं ली है।

बीएमसी की कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दक्षा शाह ने बताया कि पहले से ही वैक्सीन लेना स्वैच्छिक रहा है। अब कोविड महामारी नहीं रह गई है। इसलिए लोगों के मन में इसके प्रति डर खत्म हो गया है। हालांकि मुंबई के 24 वार्डों में मनपा ने 26 केंद्र खुले रखे हैं। प्रत्येक वार्ड में एक टीकाकरण केंद्र है।

बंद हो गए 91 फीसदी केंद्र

शुरुआत में मुंबई में 300 से अधिक टीकाकरण केंद्र खोले गए थे। इनमें निजी अस्पतालों से लेकर सरकारी और मनपा के टीकाकरण केंद्र भी शामिल थे। पहले और दूसरे दौर के टीकाकरण के बाद वैक्सीनेशन केंद्रों की संख्या घटने लगी। 31 महीनों में 91 फीसदी टीका केंद्र बंद हो गए हैं।

घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिलता था टीका

2021 में टीकाकरण केंद्रों पर घंटों कतार में खड़े रहने के बाद भी वैक्सीन नहीं मिलती थी। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पर्याप्त संख्या में वैक्सीन उपलब्ध है। बावजूद इसके टीका केंद्र सूने हैं। वैक्सीन की डोज लेने से लोग कन्नी काट रहे हैं।

16 जनवरी, 2021 से टीकाकरण

कोरोना से बचाव के लिए 16 जनवरी, 2021 से पूरे देश में कोविड टीकाकरण मुहिम शुरू की गई थी। पहले हेल्थकेयर वर्कर्स को टीका लगाया गया। इसके बाद 1 मई 2021 से 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू किया गया। 10 जनवरी 2022 से बूस्टर डोज दी जा रही है। मनपा स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मुंबई में अप्रैल तक पहली, दूसरी एवं बूस्टर खुराक लेने वाले लाभार्थियों की कुल संख्या 2 करोड़ 21 लाख 99 हजार 370 तक पहुंच गई है।

मुंबई में टीकाकरण की स्थिति

श्रेणी- पहला- दूसरा- बूस्टर डोज

हेल्थ/फ्रंटलाइन- 4,25,465- 3,34,654- 2,44,934

60 से ऊपर- 12,59,353- 11,15,212 – 4,86,752

45 से 59- 22,32,422-21,35,560- 2,91,021

18 से 44- 62,46,075- 55,74,968-4,62,940

15 से 17 – 4,04,965- 3,12,407

12 से 14 वर्ष- 1,98,220- 1,29,501

Created On :   3 Sep 2023 12:19 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story