- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- महाराष्ट्र में राष्ट्रीय स्तर के नए...
New Delhi News: महाराष्ट्र में राष्ट्रीय स्तर के नए खेल संस्थान की स्थापना को मंजूरी नहीं - केंद्र

- खेलो इंडिया स्कीम के तहत राज्य में 42 अकादमियों को मान्यता
- नए खेल संस्थान की स्थापना को मंजूरी नहीं
New Delhi News. केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र में राष्ट्रीय स्तर के किसी नए खेल संस्थान, खेल विश्वविद्यालय या विशिष्ट अकादमी की स्थापना को मंजूरी नहीं दी है। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
राज्यसभा में एनसीपी (अजित) सांसद सुनेत्रा पवार के पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में केंद्रीय मंत्री मंडाविया ने कहा कि खेल राज्य का विषय होने के कारण, देश में खेलों के विकास का मुख्य उत्तरदायित्व संबंधित राज्य और संघ राज्य क्षेत्र सरकारों का है। केंद्र सरकार इन प्रयासों में सहायता करने की भूमिका निभाती है।
मंडाविया ने बताया कि युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के तत्वावधान में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने खेलो इंडिया स्कीम के अंतर्गत महाराष्ट्र राज्य में 42 अकादमियों को मान्यता प्रदान की है। इसके साथ ही मंत्रालय की खेलो इंडिया योजना के ‘खेल अवसंरचना का निर्माण एवं उन्नयन’ घटक के अंतर्गत महाराष्ट्र राज्य में 14 अवसंरचना परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।
इन 14 परियोजनाओं के अलावा, महाराष्ट्र में साई खेल संवर्धन योजना के अंतर्गत एक अवसंरचना परियोजना को मंजूरी गई है और राष्ट्रीय खेल विकास निधि (एनएसडीएफ) के माध्यम से 3 अवसंरचना परियोजना को वित्त पोषित किया गया है।
Created On :   21 Aug 2025 5:40 PM IST