- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- वन मंत्री नाईक ने शिंदे को फिर...
Mumbai News: वन मंत्री नाईक ने शिंदे को फिर ललकारा, बोले- ठाणे जिले में भाजपा रहेगी नंबर एक पार्टी

- ठाणे मनपा को छोड़कर जिले की सभी मनपा के महापौर पद पर किया दावा
- गणेश बोले- ठाणे जिले में भाजपा रहेगी नंबर एक पार्टी
Mumbai News. प्रदेश के वन मंत्री गणेश नाईक ने कहा है कि आगामी स्थानीय निकाय चुनाव में ठाणे जिले में भाजपा ही नंबर एक पार्टी रहेगी। उन्होंने कहा कि मैं भाजपा के सहयोगी दलों शिवसेना (शिंदे) और राकांपा (अजित) को कमजोर नहीं समझता हूं। परंतु सहयोगी दलों में भाजपा को सबसे बड़ा सम्मान मिलना चाहिए। समझा जा रहा है कि नाईक ने यह बयान देकर एक तरीके से उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को ललकारा है। गुरुवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में नाईक ने कहा कि आगामी चुनाव में नवी मुंबई, मीरा-भायंदर, उल्हासनगर और वसई-विरार मनपा में भाजपा का महापौर बनेगा। इस बार कल्याण-डोंबिवली में भी भाजपा का महापौर होंगे। ठाणे जिला परिषद और पालघर जिला परिषद में भाजपा का कब्जा रहेगा। नाईक के इस बयान से ठाणे की राजनीति एक बार फिर गरमाने के आसार नजर आ रहे हैं। क्योंकि ठाणे उपमुख्यमंत्री शिंदे का गृह जिला है। पूरे राज्य में ठाणे में ही शिंदे का सबसे अधिक प्रभाव माना जाता है।
शिंदे ठाणे जिले के पालक मंत्री हैं। जबकि नाईक पालघर के पालक मंत्री हैं। इसके बावजूद नाईक ठाणे में जनता दरबार आयोजित करते हैं। इससे ठाणे जिले की राजनीति में शिंदे और नाईक के बीच शीतयुद्ध लगातार जारी रहता है। बीते दिनों पालघर में नाईक ने नाम लिए बिना शिंदे पर कटाक्ष किया था। नाईक ने कहा था कि जीवन में हर व्यक्ति को कभी न कभी लॉटरी लगती है। शिंदे को लॉटरी लगने के बाद वह प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। लेकिन व्यक्ति को कमाई हुई चीज को हमेशा टिकाए रखने की कोशिश करनी चाहिए। क्योंकि लोगों पर इसकी नजर रहती है। इससे नाराज शिवसेना (शिंदे) के सांसद नरेश म्हस्के ने कहा था कि नाईक की उम्र हो चुकी है। इसलिए वह इस तरह से बयान दे रहे हैं।
पूर्व नगरसेवक भाजपा में हुए शामिल
इस मौके पर कल्याण- डोंबिवली मनपा के कांग्रेस के पूर्व नगरसेवक नंदू म्हात्रे, जितेंद्र भोईर, हृदयनाथ भोईर, हर्षदा भोईर, शैलेंद्र भोईर, सदानंद म्हात्रे, बुधाराम सरनोबत समेत कई नेताओं ने भाजपा में प्रवेश किया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण मौजूद थे। इस दौरान पालघर के शिवसेना (उद्धव) के नेता उपेंद्र पाटील ने भाजपा में प्रवेश किया।
ये भी हुए शामिल
इसके साथ ही चंद्रपुर के वरोरा- भद्रावती के पूर्व नगराध्यक्ष अनिल धानोरकर समेत 9 पूर्व नगरेसवकों ने भाजपा में प्रवेश किया। इसमें पूर्व नगरसेवक प्रशांत झाडे, प्रमोद नागोसे, रेखा राजूरकर, लीलाताई ढुमणे, प्रतिभा निमकर, शारदाताई ठवसे समेत अन्य का समावेश है।
Created On :   21 Aug 2025 9:32 PM IST