Mumbai News: वेल्हे तहसील का नाम अब राजगड हुआ, राजस्व मंत्री बावनकुले ने दी जानकारी

  • साल 2047 तक के चुनावों में भाजपा जीत हासिल करेगी
  • 15 दिनों का राजस्व अभियान

Mumbai News. पुणे के वेल्हे (वेल्हा) तहसील का नाम बदलकर राजगड कर दिया गया है। प्रदेश के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने गुरुवार को यह जानकारी दी। बावनकुले ने कहा कि वेल्हे को राजगड नाम देने के संबंध में केंद्र सरकार ने मंजूरी प्रदान कर दी है। प्रदेश के राजस्व विभाग ने भी प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसलिए वेल्हे तहसील को अब राजगड तहसील के नाम से जाना जाएगा। बावनकुले ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रथम राजधानी राजगड किया था। इसी किले के पास स्थित वेल्हे तहसील के 70 में से 58 ग्राम पंचायतों ने राजगड नाम रखने का प्रस्ताव पारित किया था। जिसके बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने निर्देश दिए थे। बावनकुले ने कहा कि सांगली के इस्लमापुर शहर का नाम बदलकर ईश्वरपुर करने संबंधी अधिसूचना भी जल्द ही जारी की जाएगी। इसके अलावा राज्य भर में सात से आठ जगहों के नाम बदलने का प्रस्ताव किया है। राजस्व विभाग की ओर से नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।

साल 2047 तक के चुनावों में भाजपा जीत हासिल करेगी

प्रदेश के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने दावा करते हुए कहा है कि साल 2047 तक ग्राम पंचायत से लेकर संसद के चुनाव में केवल भाजपा और उसके सहयोगी महायुति जीतेगी। साल 2047 तक विपक्ष के गठबंधन महाविकास आघाड़ी को शून्य सीटें यानी केवल कद्दू मिलेगा। बावनकुले ने कहा कि चुनाव ईवीएम मशीन पर हो अथवा बैलेट पेपर पर कराया जाए। साल 2047 तक सभी चुनाव भाजपा और महायुति ही जीतेगी। इसलिए महाविकास आघाडी को हार सहने की तैयारी कर लेनी चाहिए।

15 दिनों का राजस्व अभियान

इस बीच बावनकुले ने बताया कि राजस्व विभाग की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर 2025 से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर 2025 तक 15 दिनों का राजस्व अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में पहले पांच दिन खेत रास्ता को दुरस्त करने, फिर अगले पांच दिन सभी को घर उपलब्ध कराने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत साल 2011 से पहले सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण करके घर बनाने वाले लोगों को पट्टा आवंटित किया जाएगा। आखिर में पांच दिन जिलाधिकारी की ओर से चिन्हित किए गए कार्यक्रम चलाए जाएंगे।


Created On :   21 Aug 2025 9:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story