Pune City News: ‘नमामि इंद्रायणी’ परियोजना को मिली गति

‘नमामि इंद्रायणी’ परियोजना को मिली गति
  • मनपा ने जारी किया टेंडर; पहले चरण में 526 करोड़ के कार्य
  • केंद्र सरकार की अमृत-2 योजना में शामिल

भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। इंद्रायणी नदी को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरणीय दृष्टि से सशक्त बनाने के उद्देश्य से मनपा प्रशासन ने बहुप्रतीक्षित ‘नमामि इंद्रायणी’ नदी सुधार परियोजना को साकार रूप देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मनपा ने इस परियोजना के लिए आधिकारिक रूप से टेंडर जारी कर दिया है। कुल परियोजना के पहले चरण में 526 करोड़ रुपए के काम किए जाएंगे। यह परियोजना स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ वारकरी समुदाय के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भोसरी विधानसभा से भाजपा विधायक महेश लांडगे ने इसे अपने ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’ के रूप में विजन 2020 के दौरान प्रस्तुत किया था। इसके बाद यह प्रोजेक्ट 2019 और 2024 के विधानसभा चुनावों में भी प्रमुख मुद्दा रहा।

- केंद्र सरकार की अमृत-2 योजना में शामिल

इस परियोजना को राज्य सरकार की पर्यावरण समिति और राज्य स्तरीय तकनीकी समिति की मंजूरी का इंतजार था। तत्कालीन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पर्यावरण समिति की मंजूरी दिलाने में भूमिका निभाई। इसके बाद उपमुख्यमंत्री एवं वर्तमान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तकनीकी समिति स्तर पर प्रोजेक्ट को अंतिम स्वीकृति प्रदान की। राज्य सरकार से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद मनपा ने इसे अनुमान समिति के समक्ष रखा, जहां से मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई। नदी सुधार योजना तैयार करते समय पर्यावरण विशेषज्ञों, स्थानीय संस्थानों और विभिन्न संगठनों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए। इसी के तहत परियोजना में 60 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), वॉटर एटीएम, सार्वजनिक शौचालय, स्ट्रीट फर्नीचर, चेन लिंक फेंसिंग और कंपाउंड वॉल, बायोडायवर्सिटी पार्क, नदी किनारों का सौंदर्यीकरण और सुरक्षा आदि कार्य शामिल किए गए हैं। इस महत्वकांक्षी परियोजना का पूरा कार्य केंद्र सरकार की अमृत-2 योजना के अंतर्गत किया जाएगा।

- दिसंबर 2025 से शुरू हो सकता है काम

अंदाज़ा है कि मनपा की टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही दिसंबर 2025 से प्रोजेक्ट का प्रत्यक्ष काम शुरू हो जाएगा। स्थानीय नागरिकों के लिए यह नदी के पुनर्जीवन का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। महेश लांडगे ने कहा कि इंद्रायणी नदी केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, पर्यावरण और शहर की जीवनरेखा है। टेंडर जारी होने के बाद अब प्रोजेक्ट साकार होने की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ चुका है। मैं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और महायुति सरकार का आभार व्यक्त करता हूं। यह प्रोजेक्ट नदी को नई जिंदगी देगा और नागरिकों को सुंदर, स्वच्छ और सुरक्षित नदी किनारे का अनुभव मिलेगा। हम इसे समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करेंगे।

Created On :   28 Nov 2025 3:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story