- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- किराया नहीं देने पर राकांपा का...
Pune City News: किराया नहीं देने पर राकांपा का पिंपरी ऑफिस 8 महीने से बंद

- पार्टी में गुटबाजी और किराया एवं खर्चे का संकट गहराया
- लोकसभा जीत से उत्साह, विधानसभा में करारी हार
भास्कर न्यूज, पुणे। कभी बड़े धूमधाम से शुरू हुआ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की पिंपरी चिंचवड़ शहर इकाई का पिंपरी मुख्य चौक स्थित भव्य कार्यालय पिछले आठ महीनों से बंद पड़ा है। विधानसभा चुनावों के बाद पार्टी में बढ़ती गुटबाजी, कार्यकर्ताओं में उत्साह की कमी और ऑफिस के किराया और अन्य खर्च का भार कौन उठाए? इस उलझन के चलते कार्यालय को ताला लगा दिया गया है। पिंपरी-चिंचवड़ को "पवारों का गढ़" माना जाता है, शुरू में यह शहर वरिष्ठ नेता शरद पवार के बारामती लोकसभा चुनाव क्षेत्र में आता था। इस शहर से उनका पुराना नाता है। लेकिन विडंबना यह है कि शहर में ही उन्हीं की पार्टी का अधिकृत ऑफिस वर्तमान में उपलब्ध नहीं है। इससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी है और पार्टी के भविष्य को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आगामी मनपा चुनाव को देखते हुए यह स्थिति पार्टी नेतृत्व के लिए एक चुनौती बन चुकी है। ऐन मनपा चुनाव के मुहाने पार्टी कार्यालय बंद रहने से कार्यकर्ताओं में निराशा का माहौल है।
-लोकसभा जीत से उत्साह, विधानसभा में करारी हार
2 दिसंबर 2023 को शरद पवार पार्टी के पिंपरी चिंचवड़ शहर अध्यक्ष तुषार कामठे ने पिंपरी में डॉ. आंबेडकर की स्मारक के सामने हाईवे किनारे एक बड़ा और आधुनिक ऑफिस किराए पर लिया था। उद्घाटन समारोह में तब के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल, सांसद डॉ. अमोल कोल्हे सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। उस समय यह कार्यालय राजनीतिक चर्चा का केंद्र बना था, और बड़ी संख्या में लोगों ने पार्टी में प्रवेश भी किया था। इसके चलते राष्ट्रवादी में विभाजन के बाद शरद पवार के साथ रहे कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल था। लोकसभा चुनाव में राज्य स्तर पर राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) को मिली सफलता के बाद शहर के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया। सुबह शाम पार्टी के दफ्तर में कार्यकर्ताओं और नेताओं की चहल पहल रहती थी। हालांकि विधानसभा चुनाव के बाद तस्वीर पूरी बदल गई। पिंपरी, चिंचवड़ और भोसरी विधानसभा की तीनों सीटों पर करारी हार ने पार्टी की ताकत कमजोर कर दी। हार के बाद कार्यकर्ता पूरी तरह बिखर गए और अंतर्गत गुटबाजी बढ़ने लगी। इसी के चलते शहर अध्यक्ष तुषार कामठे ने इस्तीफा भी दिया, हालांकि पार्टी ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया।
- होटलों में बैठकें कर रहे हैं कार्यकर्ता
विधानसभा चुनाव में हार के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह पूरी तरह खत्म हो गया। मीटिंग के लिए बुलाने पर भी कोई ऑफिस नहीं पहुंच रहा था। धीरे-धीरे माहौल इतना ठंडा पड़ा कि आखिरकार कार्यालय पर ताला लगाना पड़ा। पिछले आठ महीनों से यह ऑफिस पूर्णतः बंद है। अब जबकि पिंपरी चिंचवड़ मनपा चुनाव की सरगर्मी बढ़ रही है, कार्यकर्ता सक्रिय होना शुरू हो गए हैं, लेकिन ऑफिस न होने के कारण वे पिंपरी चौक के होटलों में बैठकें कर रहे हैं। वहीं प्रमुख निर्णयों के लिए नेताओं को पूर्व नगरसेविका सुलक्षणा धर के निजी कार्यालय का सहारा लेना पड़ रहा है। इस संदर्भ में पार्टी के शहर अध्यक्ष तुषार कामठे से लगातार संपर्क करने की कोशिश की गई, मगर उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
तलमंजिल में दफ्तर रहने और हाइवे पर पार्किंग उपलब्ध नहीं होने से पदाधिकारी और कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय में आने से कतराते रहे थे। इसलिए मध्यवर्ती ठिकाने पर नए कार्यालय की खोजबीन जारी है। विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद कार्यकर्ताओं में निराशा थी लेकिन अब सभी मनपा चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं।
- एड धम्मराज सालवे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राष्ट्रवादी कांग्रेस शरदचंद्र पवार पार्टी, पिंपरी चिंचवड़
Created On :   28 Nov 2025 2:23 PM IST












