- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- म्हाडा कॉलोनी के घर में चल रहा था...
Pune City News: म्हाडा कॉलोनी के घर में चल रहा था हुक्का बार

- एयरपोर्ट पुलिस का छापा, 1.09 लाख रुपए का माल जब्त
- तीन युवक गिरफ्तार
भास्कर न्यूज, पुणे। विमाननगर स्थित म्हाडा कॉलोनी के घर में अवैध तरीके से चल रहे अवैध हुक्का बार का भंडाफोड़ करते हुए विमानतल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। बंद खिड़कियों और भीतर से आती तेज खुशबू से स्थानीय निवासियों को शक हुआ था। मंगलवार रात पुलिस को मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिली और टीम ने मौके पर पहुंचकर छापा मारा। भीतर दो युवक हुक्का पीते हुए मिले, जो पुलिस देखते ही भाग निकले, जबकि हुक्का तैयार कर रहे तीन युवक पकड़े गए। पुलिस ने घर से 1 लाख 9 हजार 600 रुपए कीमत का हुक्का सामान, फ्लेवर और उपकरण जब्त किए हैं।
पुलिस कांस्टेबल हरिप्रसाद नवनाथ पुंडे ने मामले में एफआईआर कराई है। विमाननगर की म्हाडा कॉलोनी के घर में अवैध हुक्का बार चलने की जानकारी वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गोविंद जाधव को दी गई थी। उसके बाद टीम लेन नंबर पांच स्थित घर पर पहुंची और शाम 7:15 बजे धावा बोल दिया। छापे में अशरफ निजामुद्दीन अंसारी (25), असलान फिरोज अंसारी (24) और गुलजार निजामुद्दीन अंसारी (25) नामक तीन युवक गिरफ्तार किए गए। तीनों मूल रूप से मिर्जापुर जिले (यूपी) के रहने वाले हैं और पुणे में किराए के घर को हुक्का बार की तरह इस्तेमाल कर रहे थे। घर के भीतर कोई घरेलू सामान नहीं मिला, बल्कि पूरा कमरा हुक्का बार सेटअप जैसा दिख रहा था। पुलिस को वहां 33 बड़े और मीडियम साइज के हुक्का पॉट, अफजल कंपनी के फ्लेवर (एक किलो के पांच डिब्बे और 135 छोटे पैकेट), हुक्का पाइप, माया कंपनी के पॉट, फॉइल पेपर, लोहे की जाली, चिलम, कोयला और अन्य उपकरण मिले। सुरक्षा के लिए चिलम में जल रहे कोयले को मौके पर पानी डालकर बुझाया गया।
फ्लेवर के नमूने रासायनिक विश्लेषण के लिए अलग पैक किए गए। बाकी सामान बॉक्स में पैक कर पुलिस स्टेशन की सील लगाकर जब्त किया गया। तीनों आरोपियों पर तंबाकूजन्य उत्पाद (महाराष्ट्र संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 4-A और 21-A के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Created On :   28 Nov 2025 2:14 PM IST












