Pune City News: 40 फीसदी पुणेकरों तक पानी पहुंचाने में दिक्कतें

40 फीसदी पुणेकरों तक पानी पहुंचाने में दिक्कतें
  • शहर की यातायात समस्या पर केंद्रित चर्चा सत्र में मनपा आयुक्त ने किया स्वीकार
  • नागरिकों को आदतें बदलना चाहिए

भास्कर न्यूज , पुणे। शहर के मध्य भाग में केंद्रित विकास और पुनर्विकास के कारण बुनियादी ढांचे पर दबाव पड़ रहा है। शहर की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में मनपा की व्यवस्था अपर्याप्त साबित हो रही है। भौगोलिक रूप से शहर का विस्तार होने पर उसी अनुपात में प्रशासन का विस्तार होना आवश्यक है। वर्तमान में प्रशासन पर दबाव होने के कारण मूलभूत सुविधाएं देना मुश्किल हो गया है। वर्तमान में शहर के 40 प्रतिशत हिस्सों में ठीक से पानी भी नहीं दिया जा रहा है।

यह स्वीकारोक्ति खुद मनपा आयुक्त नवलकिशोर राम की है। वे बुधवार पुणे ट्रैफिक मूवमेंट, पुणे नॉलेज क्लस्टर और सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एजुकेशन (सीईई) की ओर से पुणे की यातायात समस्या को हल करने के लिए आयोजित चर्चा सत्र में बोल रहे थे। मनपा आयुक्त के अलावा महामेट्रो के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक श्रावण हर्डिकर भी चर्चा में शामिल हुए। आयुक्त ने कहा कि पुणे दुनिया का चौथा सबसे अधिक ट्रैफिक जाम वाला शहर है। किसी भी शहर में मध्य भाग में ज्यादा बदलाव किए बिना उसके परिधि पर शहर का विस्तार, विकास अपेक्षित होता है। हालांकि, शहर का पेठ (मध्य) भाग कई साल से बदलता ही जा रहा है। शहर के मध्य भाग में सुनियोजित पुनर्विकास होना जरूरी है।

पीएमपीएमएल की कई बस खस्ता हालत में

आयुक्त ने कहा कि पुणे महानगर परिवहन महामंडल (पीएमपीएमएल) अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा रहा है। उन्हें लगता है कि पुणे और पिंपरी चिंचवड मनपा सिर्फ फंड देने वाली संस्थाएं हैं। कई बसें खराब हालत में हैं। अच्छी गुणवत्तापूर्ण सुविधा देने के लिए पीएमपी की व्यवस्था में मूलभूत बदलाव होने आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि पीएमपी द्वारा व्यावसायिक तरीके से काम किए बिना ये बदलाव नहीं होंगे।

नागरिकों को आदतें बदलना चाहिए

महामेट्रो के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक हर्डिकर ने कहा कि कनेक्टिविटी की योजना के बिना पुणे में रहना संभव नहीं है और नागरिकों को भी यात्रा के लिए आदतें बदलकर चलना, बस, साइकिल और मेट्रो जैसे विकल्पों को चुनने की आवश्यकता है। हर्डिकर ने कहा कि मेट्रो पार्किंग की व्यवस्था नहीं दे सकती। इसलिए, वहां तक पहुंचने के लिए शेयर रिक्शा, बस के विकल्पों को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। हिंजवड़ी, वाकड़, बाणेर तक हर मिनट बस लाने पर विचार है। नागरिकों को भी बहाने न बनाते हुए चलने, साइकिल के विकल्पों को यात्रा के लिए स्वीकार करना चाहिए।

'यू आर लेट' कहते हुए अधिकारियों को फटकारा

प्रश्न पूछने की खास शैली के कारण पुणेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं। कार्यक्रम में देरी से पहुंचने पर पुणेकरों ने मनपा आयुक्त और महामेट्रो के प्रबंध निदेशक से जवाब मांगा। आयुक्त नवलकिशोर राम के मंच पर आते ही उपस्थित लोगों ने कहा- यू आर लेट। आईएएस, आईपीएस खुद को क्या समझते हैं? आप हमारे नौकर हैं। हम क्या खाली बैठे हैं, इसलिए यहां नहीं बैठे हैं, इन शब्दों में देर से आए अधिकारियों को फटकार लगाई गई। आयुक्त राम ने भी देर होने की बात मानते हुए पुणेकरों से माफी मांगी। उसके बाद कार्यक्रम शुरू हुआ। दोनों अधिकारियों ने शहरी कनेक्टिविटी के संबंध में पुणे में किए जा रहे उपायों की जानकारी दी।

Created On :   28 Nov 2025 1:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story