- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- सभी जाति और धर्मों से ऊपर है हमारा...
Pune News: सभी जाति और धर्मों से ऊपर है हमारा गौरवपूर्ण संविधान

भास्कर न्यूज, पुणे। विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत के गौरवपूर्ण संविधान की 76वीं वर्षगांठ हर्षोल्लास से मनाई गई। इस निमित्त जिले में अनेक स्थानों पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कहीं पर संविधान विषय पर व्याख्यान हुए तो कहीं संविधान के गौरवपूर्ण गीत गाए गए। संविधान के दायरे में रह कर उल्लेखनीय कार्य करने वालों का सम्मान भी किया गया।
संविधान के अभ्यासकों ने भारतीय संविधान को विश्व का सबसे लोचपूर्ण संविधान बताते हुए टिप्पणी की कि, सिर्फ हमारा ही संविधान ऐसा है, जिसमें हम समय के अनुसार आम लोगों की सहमति से सुधार कर सकते हैं। यह संविधान की विशेषता है। साथ ही यह भी प्रावधान किया गया है कि इसे किसी भी मूल्य पर बदला न जा सकते। संविधान में छोटे से लेकर बड़ों तक और गरीब से लेकर अमीर तक समानता का अधिकार दिया है। जाति, धर्म के भेदभाव से ऊपर संविधान को श्रेष्ठ माना गया है और देश का हर नागरिक इसका श्रद्धापूर्वक पालन करता है। प्रस्तुत है विभिन्न स्थानों पर मनाए गए संविधान दिवस की जानकारी।
भारतीय लोकतंत्र की आत्मा है संविधान : डॉ. टाक
- आरपीआई विचार मंच की ओर से जेजुरी में कार्यक्रम आयोजित
आजादी के बाद भारत ने संसदीय लोकतंत्र अपनाया। कानून का राज बनाने का संकल्प लिया। इसके लिए एक संविधान की जरूरत थी। संविधान का ड्राफ्ट बनाने के लिए एक कमेटी बनाई गई। संविधान डॉ. बाबासाहब आंबेडकर के मुख्य योगदान से बनाया गया था। स्वतंत्रता, समता और धर्मनिरपेक्षता लोकतंत्र के मूल सिद्धांत हैं, जिसे देश का प्रत्येक नागरिक मानता है। बंधुता का आश्वासन देने वाला संविधान भारतीय लोकतंत्र की आत्मा है, यह मत संविधान के अभ्यासक और लेखक डॉ. नारायण टाक ने व्यक्त किया।
आरपीआई विचार मंच की ओर से जेजुरी में संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. नारायण टाक, दैनिक भास्कर पुणे के संपादक मुनीश शर्मा, राज्य मुख्याध्यापक संघ के अध्यक्ष प्राचार्य डॉ. नंदकिशोर सागर, ससून अस्पताल के डीन डॉ. काशिद, तहसील शिक्षक संघ के अध्यक्ष दत्तात्रय रोकड़े, प्रिंसिपल कुंडलिक मेमाने, वसंतराव ताकवाले, रामभाऊ पेठकर आदि उपस्थित थे।
- विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों का सम्मान
इस अवसर पर पत्रकारिता, शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक कल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले व्यक्तियों को भीमरत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पिछले सोलह वर्षों से पुणे जिला आरपीआई के पूर्व अध्यक्ष पंढरीनाथ जाधव और उनके सहयोगियों द्वारा संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया जा रहा है।
हर भारतीय को ऊंची उड़ान भरने का अधिकार संविधान ने दिया : साहित्यकार जोंधले
भारतीय संविधान ने हर भारतीय को ऊंची उड़ान भरने का अधिकार दिया है और भारतीय संविधान स्वतंत्रता, समता, बंधुता और न्याय स्थापित करनेवाला मानव मुक्ति का एक ऐलान है। यह मत वरिष्ठ साहित्यकार महावीर जोंधले ने व्यक्त किया।
भारतीय संविधान दिवस के मौके पर पिंपरी चिंचवड महानगरपालिका द्वारा आयोजित प्रबोधनात्मक कार्यक्रम में ‘भारतीय संविधान-मानवमुक्तीचा जाहिरनामा’ विषय पर व्याख्यान दिया गया। इस कार्यक्रम में राज्य के अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के सदस्य एड. गोरक्ष लोखंडे, महापालिका उपायुक्त अण्णा बोदड़े, विशेष अधिकारी किरण गायकवाड़, ग्रंथालय प्रमुख प्रतिभा मुनावत, ग्रंथपाल प्रवीण चाबुकस्वार, राजू मोहन, राजेंद्र आंभेरे, कांचन कोपर्डे, कामगार नेते निवृत्ति आरवड़े, सामाजिक कार्यकर्ता उत्तम कांबले, दीपक म्हस्के आदि उपस्थित थे।
- भारतीय संविधान हमें न्याय, समानता और तरक्की की दिशा दिखाता है
एड. गोरक्ष लोखंडे ने कहा कि महात्मा ज्योतिराव फुले और भारत रत्न डॉ. बाबासाहब आंबेडकर ने समाज में ज्ञान का दीया जलाकर सामाजिक बराबरी की नींव रखी। इस विचार को भारतीय संविधान में हाईलाइट किया गया है और भारतीय संविधान हमें न्याय, समानता और तरक्की की दिशा दिखाता है। सभी को इन संवैधानिक मूल्यों के बारे में पता होना चाहिए।
- प्रतियोगी परीक्षा में सफल होनेवाले विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षा में सफल हुए महापालिका प्रतियोगिता परीक्षा केंद्र के विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इसमें लक्ष्मण झोरे, सचिन माने, दिनकर गायकवाड़, अनीता चट्टेकार, अभिषेक नर्हे, प्रियंका टिलेकर, सुजाता यमगर, पूजा देशमुख, शुभांगी मगर, निखिल टोके, संतोष फसले आदि शामिल थे।
- संविधान पर पोवाड़ों की प्रस्तुति
महानगरपालिका की ओर से आयुक्त श्रावण हर्डिकर और अतिरिक्त उपायुक्त तृप्ति सांडभोर के मार्गदर्शन में 26 और 27 नवंबर को पिंपरी में क्रांतिसूर्य महात्मा ज्योतिबा फुले और भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर स्मारक के पास (भीमसृष्टि) ग्राउंड में एक प्रबोधनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पहले दिन, संविधान दिवस पर जाने-माने गायक विजय सरतापे और शाहिर सुरेश सूर्यवंशी ने अपनी दिलकश आवाज में गीत और पोवाड़े पेश किए। भारतीय संविधान की अहमियत, बराबरी का संदेश और डॉ. बाबासाहब आंबेडकर के काम की शान को उनके सुरीले गानों के जरिए असरदार तरीके से बताया गया। सुरेश सूर्यवंशी ने शायरी के माध्यम से सामाजिक जागरूकता, संघर्ष के इतिहास और इंसानी आजादी की चाहत की जीती-जागती तस्वीर पेश की।
विश्वरत्न फाउंडेशन ने मनाया संविधान दिवस
आंबेगांव खुर्द के हनुमान नगर स्थित पारखे कॉर्नर मे विश्वरत्न फाउंडेशन की ओर से संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संविधान के महत्व को समझाना और डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का प्रसार करना था। कार्यक्रम की शुरुआत नरेंद्र पारखे के प्रस्ताविक वक्तव्य से हुई, जिसमें उन्होंने संविधान के मूल्यों और जनजागृति की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। चंद्रदीप अर्जुन मुजमुले ने संविधान में निहित मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। प्रो. आनंद जेठे ने संविधान निर्माण प्रक्रिया, डॉ. आंबेडकर के योगदान और समाज में संवैधानिक मूल्यों की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन मधुकर जाधव ने किया। अंत में नरेंद्र पारखे ने सभी का आभार व्यक्त किया और भविष्य में संविधान जागरूकता को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
संविधान लोककला शायरी जलसा आयोजित
भीमराव आंबेडकर की वजह से ही आज तुम्हारी उंगली पर स्याही लगाई जाती है... मेरे भीम के पास सिर्फ पैदल सेना थी.., मेरे भीम ने इस संविधान को हीरे-मोतियों से सजाया.., दुनिया की सबसे खूबसूरत...मैं भीम की कलम हूं... इस तरह के एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर संविधान के मूल्य, सामाजिक समता और लोकतंत्र की शक्ति का अनुभव कराया। डॉ. बाबासाहब आंबेडकर सांस्कृतिक महोत्सव समिति की ओर से संविधान लोक कला शायरी जलसा' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शायर शीतल साठे, सचिन माली, सदाशिव निकम, पृथ्वीराज माली आदि कलाकारों ने शायरी पेश किया। इस मौके पर सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय के प्रो वाइस चांसलर डॉ. पराग कालकर, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) पार्टी के यूथ स्टेट प्रेसिडेंट पप्पू कागदे, पुणे शहर प्रेसिडेंट संजय सोनवणे, डॉ. बाबासाहब आंबेडकर सांस्कृतिक महोत्सव समिति के अध्यक्ष परशुराम वाड़ेकर, रिपाई पश्चिम महाराष्ट्र युवा आघाड़ी के प्रमुख शैलेंद्र चव्हाण, अशोक शिरोले, डॉ. विजय खरे, सरिता वाड़ेकर, पुणे की पूर्व उपमहापौर सुनीता वाड़ेकर, अविनाश कदम आदि मौजूद थे।
- सफाई कर्मचारी अंजू माने का सम्मान
डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सांस्कृतिक उत्सव समिति के अध्यक्ष परशुराम वाडेकर ने अपने प्रस्तावना प्रस्तुत की। कचरा इकट्ठा करते समय मिले दस लाख रुपये के बैग को उसके असली मालिक को लौटाने वाली ईमानदार सफाई कर्मचारी अंजू माने को पांच हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
Created On :   28 Nov 2025 4:52 PM IST












