Pune City News: डेढ़ वर्षीय नील भालेराव का नाम ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज

डेढ़ वर्षीय नील भालेराव का नाम ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज
2 मिनट 53 सेकंड में पहचान ली 45 कार कंपनियां

भास्कर न्यूज, पुणे। सिर्फ डेढ़ वर्ष की आयु में अद्भुत प्रतिभा का परिचय देते हुए पुणे के नील निखिल भालेराव ने महज 2 मिनट 53 सेकंड में दुनिया के लगभग 45 कार ब्रांड की पहचान बताकर ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में अपना नाम दर्ज किया है। इतनी कम उम्र में हासिल की गई यह उपलब्धि सभी के लिए प्रेरणादायी मानी जा रही है।



नील का यह रिकॉर्ड केवल आंकड़ों का विषय नहीं, बल्कि उसकी याददाश्त, ध्यानकेंद्रित क्षमता और आत्मविश्वास का सशक्त उदाहरण भी है। कम उम्र में इतने बड़े पैमाने पर ब्रांड्स के नाम याद रखना और सहजता से उनका उच्चारण करना उसकी विलक्षण प्रतिभा को दर्शाता है। यही कारण है कि उसकी इस उपलब्धि की सर्वत्र सराहना हो रही है।

नील की सफलता में उसके माता-पिता - माता प्रेरणा भालेराव और पिता निखिल भालेराव का मार्गदर्शन, संयम और निरंतर प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा है। परिवार के समर्थन और नील की जिज्ञासा तथा लगन ने मिलकर इस उपलब्धि को संभव बनाया।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बच्चों में मौजूद क्षमताओं को समय रहते पहचाना जाए और सही दिशा दी जाए, तो वे कम उम्र में भी बड़ी ऊंचाइयां छू सकते हैं। नील की उपलब्धि ने न केवल परिवार को गौरवान्वित किया है, बल्कि महाराष्ट्र सहित देश का नाम भी रोशन किया है।

Created On :   28 Nov 2025 5:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story