- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- उच्च न्यायालयों में 362 और जिला...
New Delhi News: उच्च न्यायालयों में 362 और जिला न्यायालयों में न्यायाधीशों के 4,721 पद रिक्त, जानिए - महाराष्ट्र के आंकड़े

- महाराष्ट्र और मप्र जिला न्यायालयों में क्रमशः 250 और 359 पद रिक्त
- बंबई उच्च न्यायालय में 27 और मप्र में 20 पद रिक्त
New Delhi News. देश भर के उच्च न्यायालयों में न्यायाधीशों के 362 पद और जिला न्यायालयों में 4,721 पद रिक्त हैं। इसके साथ ही बंबई उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों के 27 और मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में 20 पद रिक्त हैं। विधि और न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने गुरुवार को राज्यसभा में यह जानकारी दी। कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा के पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में मेघवाल ने बताया कि बंबई हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के कुल 94 पद स्वीकृत हैं। बंबई उच्च न्यायालय में 25 जुलाई 2025 तक 67 न्यायाधीश कार्यरत हैं और 27 पद रिक्त हैं। इसी प्रकार मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों के 53 पद स्वीकृत हैं, जिसमें से 33 न्यायाधीश कार्यरत हैं और 20 पद रिक्त हैं।
मेघवाल ने आगे बताया कि महाराष्ट्र के जिला न्यायालयों में न्यायाधीशों के 2190 पद स्वीकृत हैं। दिनांक 23 जुलाई 2025 तक 1940 न्यायाधीश कार्यरत हैं और 250 पद रिक्त हैं। इसी प्रकार मध्य प्रदेश जिला न्यायालयों में न्यायाधीशों के लिए स्वीकृत पदों की संख्या 2028 है। कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या 1669 और रिक्त पदों की संख्या 359 है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश भर के जिला न्यायालयों के लिए न्यायाधीशों के 25,843 पद स्वीकृत हैं। कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या 21,122 है। उन्होंने बताया कि देश भर के जिला न्यायालयों में न्यायाधीशों के 4,721 पद रिक्त हैं।
Created On :   31 July 2025 8:58 PM IST