सियासत गर्म: अभिषेक घोसालकर हत्याकांड में सरकार पर विपक्ष हमलावर, मॉरिस की पत्नी का भी खुलासा

अभिषेक घोसालकर हत्याकांड में सरकार पर विपक्ष हमलावर, मॉरिस की पत्नी का भी खुलासा
  • कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात करेगा
  • विपक्ष ने कहा - राज्य में है गुंडाराज, राष्ट्रपति शासन लगना चाहिए
  • मॉरिस की पत्नी का खुलासा, वह कहता रहता था अभिषेक को नहीं छोडूगा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना (उद्धव) के पूर्व नगरसेवक अभिषेक घोसालकर की गुरुवार को हुई हत्या पर राज्य की राजनीति गरमाई हुई है। पिछले एक सप्ताह में दो बार हुई गोलीबारी के चलते विपक्ष ने राज्य के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस का इस्तीफा मांगा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले और शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राऊत ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था चिंताजनक है और इस गुंडाराज को जल्द खत्म किया जाना चाहिए एवं राज्य में राष्ट्रपति शासन लगना चाहिए। राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को राज्यपाल रमेश बैस से मुलाकात करेगा।

गुरुवार शाम फेसबुक लाइव के दौरान उद्धव गुट के पूर्व नगरसेवक घोसालकर की हत्या के बाद से राज्य में खलबली मची हुई है। विपक्ष राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर हमलावर हो गया है। सत्ता पक्ष के नेता कह रहे हैं अभिषेक की हत्या आपसी रंजिश के तहत हुई है। ऐसे में इसे कानून व्यवस्था से नहीं जोड़ा जा सकता। शुक्रवार को मीडिया से बातचीत करते हुए नाना पटोले ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था खराब होने के बावजूद गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं और गैर जिम्मेदाराना बयान देकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। पटोले ने कहा कि कल्याण में पुलिस स्टेशन में भाजपा का विधायक गोलीबारी कर रहा है, मुंबई में पूर्व नगरसेवक को मौत के घाट उतार दिया जाता है। इन सभी मामलों को देखकर लगता है कि बदमाशों में पुलिस का खौफ नहीं रहा है। लेकिन राज्य में चल रहे हैं इस गुंडाराज को जल्द खत्म किया जाना चाहिए।

राज्य में माफिया राज

संजय राऊत ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और गृहमंत्री फडणवीस पर निशाना साधते हुए कहा है कि राज्य में बढ़ती गोलीबारी की घटनाओं को देखकर यही कहा जा सकता है कि राज्य में माफिया राज चल रहा है। प्रतिदिन मुख्यमंत्री के बंगले पर गुंडे आते हैं और चाय पर चर्चा करते हैं। फडणवीस राज्य के गृहमंत्री हैं लेकिन वह लापता हैं। अदृश्य हैं। विदर्भ में वह चाय पर चर्चा कर रहे हैं और मुंबई में गोलीबारी हो रही है। हमारा आदमी मर गया है, हम चुप नहीं बैठेंगे। राज्य में जो गुंडाराज चल रहा है उसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं।

विपक्ष गाड़ी के नीचे श्वान आने पर भी इस्तीफा मांगता है- फडणवीस

विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए फडणवीस ने कहा कि उनके ऊपर जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वह राजनीति से प्रेरित हैं। फडणवीस ने कहा कि हालांकि यह घटना गंभीर है, लेकिन अगर किसी गाड़ी के नीचे श्वान आ जाता है तो विपक्ष के लोग उसके लिए भी गृहमंत्री का इस्तीफा मांगते हैं। उन्होंने कहा कि यह सभी को मालूम है कि घोसालकर की हत्या आपसी रंजिश के तहत की गई है, लेकिन फिर भी विपक्ष इस पर राजनीति कर रहा है।

पुलिस को 48 घंटे की छूट दें, अपराध गायब हो जाएगा- राज ठाकरे

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर राज ठाकरे का एक पुराना वीडियो जारी किया गया है जिसमें वह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि मुझे मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस पर 100 प्रतिशत भरोसा है। उन्हें 48 घंटे दे दीजिए, महाराष्ट्र से अपराध गायब हो जाएगा। अगर आप राज्य में गोलीबारी, गैंगवार, कोयता गैंग, लड़कियों के अपहरण जैसे अपराधों को रोकना चाहते हैं, तो महाराष्ट्र पुलिस को 48 घंटे की छूट दें।

मॉरिस की पत्नी का खुलासा, वह कहता रहता था अभिषेक को नहीं छोडूगा

शिवसेना के पूर्व नगरसेवक अभिषेक घोसालकर हत्या मामले में घोसालकर को गोली मारने वाले मॉरिस नोरोन्हा की पत्नी ने खुलासा किया है। शुक्रवार को उन्होंने एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि मॉरिस अक्सर कहता रहता था कि वह अभिषेक घोसालकर को छोड़ेगा। पर मैंने उस समय उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। दुष्कर्म के एक मामले में मॉरिस गिरफ्तार हुआ था और इस मामले में उसे पांच माह जेल में रहना पड़ा था। इसके लिए वह अभिषेक को जिम्मेदार मानता था। इस वजह से मॉरिस अभिषेक से बेहद नाराज था। उसका मानना था कि अभिषेक की वजह से ही उसे जेल जाना पड़ा था।

Created On :   9 Feb 2024 3:23 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story