गुटों में विवाद गहराया: पुणे पालकमंत्री विवाद पर रोहित ने सुनेत्रा पवार से माफी मांगी, सुप्रिया सुले बोलीं अब मैं भी मांगती हूं

पुणे पालकमंत्री विवाद पर रोहित ने सुनेत्रा पवार से माफी मांगी, सुप्रिया सुले बोलीं अब मैं भी मांगती हूं
  • रोहित बोले- दादा की जगह कोई नहीं ले सकता
  • अजित गुट का रोहित के खिलाफ प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क, मुंबई. पुणे के पालकमंत्री पद और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की कार्यशैली को लेकर राकांपा के दोनों गुटों में विवाद गहरा गया है। राकांपा (शरद) विधायक रोहित पवार ने पुणे को अजित पवार जैसा सख्त पालकमंत्री देने की जरूरत बताते हुए सुनेत्रा पवार की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। उनके इस बयान के विरोध में अजित गुट की ओर से शुक्रवार को राज्य भर में आंदोलन किया गया। पार्टी की मुंबई इकाई की महिला कार्यकर्ताओं ने रोहित पवार के खिलाफ आंदोलन किया। विवाद बढ़ने के बाद रोहित पवार ने एक बार फिर खेद जताया, वहीं सांसद सुप्रिया सुले ने भी सुनेत्रा पवार और उनके समर्थकों से हाथ जोड़कर माफी मांगी।

सुप्रिया सुले ने कहा- रोहित ने माफी मांगी, अब विवाद खत्म होना चाहिए

रोहित पवार के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि रोहित ने अपने बयान पर खेद व्यक्त किया है। ऐसे में यदि इसके बाद भी राकांपा (अजित) की ओर से आंदोलन किया जा रहा है, तो उनकी कार्यकर्ताओं से अपील है कि वे रोहित की माफी की जानकारी भी लें। सुले ने कहा हम एक ही थाली में खाना खा चुके हैं। संभव है कि रोहित के माफी मांगने की बात आंदोलन करने वालों तक नहीं पहुंची हो। मैं दिल से विनती करती हूं कि यदि रोहित से अनजाने में कोई गलत या कम-ज्यादा शब्द निकल गया है और उन्होंने उसके लिए खेद व्यक्त किया है, तो इस विषय को यहीं समाप्त किया जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि यदि सुनेत्रा पवार की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वह रोहित की ओर से भी हाथ जोड़कर माफी मांगती हैं। यह पार्टी की नीति नहीं है और किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का उद्देश्य नहीं था।

महिला या पुरुष नहीं, पद की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण- रोहित पवार

विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए रोहित पवार ने कहा कि किसी पद पर बैठने वाले व्यक्ति का महिला या पुरुष होना महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि उस पद की जिम्मेदारी निभाना और सामान्य नागरिकों को न्याय दिलाना अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सुनेत्रा पवार को उनके बयान से दुख पहुंचा है, तो वह दिल से खेद व्यक्त करते हैं। रोहित ने स्पष्ट किया कि उनका बयान व्यक्तिगत रूप से सुनेत्रा पवार को निशाना बनाने के लिए नहीं था, बल्कि पुणे में कानून-व्यवस्था की स्थिति और प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर था।

बैठक में रोहित पवार के सवाल पर छाया सन्नाटा

गुरुवार को शरद गुट की पार्टी की बैठक में विधायक रोहित पवार ने भाजपा के खिलाफ आंदोलन को लेकर नेताओं से सवाल किया। सूत्रों के अनुसार उन्होंने पूछा कि क्या पार्टी को भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन नहीं करना है? रोहित पवार के इस सवाल के बाद बैठक में सन्नाटा छा गया। किसी भी नेता की ओर से तत्काल जवाब नहीं आया। इस पर रोहित ने नाराजगी जताते हुए कहा कि भाजपा के खिलाफ लड़ाई वह अकेले भी जारी रखेंगे।

Created On :  

Tags

Next Story