बड़ी कार्रवाई: रिश्वतखोर जीएसटी अधिकारियों के घर मिले 30.5 लाख रुपए, कुछ दस्तावेज भी लगे सीबीआई के हाथ

रिश्वतखोर जीएसटी अधिकारियों के घर मिले 30.5 लाख रुपए, कुछ दस्तावेज भी लगे सीबीआई के हाथ
  • सहायक आयुक्त और निरीक्षक गिरफ्तार
  • कुछ दस्तावेज भी लगे हैं सीबीआई के हाथ
  • अधिकारियों के घर मिले 30.5 लाख रुपए नगद

डिजिटल डेस्क, मुंबई। रिश्वतखोरी मामले में गिरफ्तार केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) विभाग के सहायक आयुक्त और निरीक्षक के घर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को 30.50 लाख रुपए नगद मिले हैं। दोनों के घर छापा मार कर सीबीआई ने तलाशी ली थी। इस कार्रवाई के तहत जांच एजेंसी के हाथ कुछ दस्तावेज भी लगे हैं, जिनकी जांच की जा रही है। सीबीआई ने बीते शुक्रवार को आरोपी सहायक आयुक्त को डेढ़ लाख रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया था।

आरोपी सहायक आयुक्त के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत सीबीआई को मिली थी। इस आधार पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ट्रांसपोर्ट फर्म का पार्टनर है। उसने जांच एजेंसी को बताया कि सीजीएसटी बेलापुर के सहायक आयुक्त ने सेवा कर से संबंधित कारण बताओ नोटिस जारी किया था। जवाब में शिकायतकर्ता ने जरूरी दस्तावेज जमा किए, जिन्हें आरोपी अधिकारी ने नाकाफी बताया।

मामला रफा-दफा करने के लिए आरोपी ने शिकायतकर्ता से 6 लाख रुपए रिश्वत मांगी। मान-मनौवल के बाद डेढ़ लाख रुपए पर सौदा तय हुई। सहायक आयुक्त तक रिश्वत की रकम निरीक्षक ने पहुंचाई। इसलिए सीबीआई ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान निरीक्षक शुभम दास मोहपात्रा और सहायक आयुक्त सुभाष भालेराव के रूप में हुई है।




Created On :   19 March 2024 3:31 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story