लोकसभा चुनाव: रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट पर सामंत और राणे सामने-सामने, इंडिया गठबंधन ने बनाया यूथ फ्रंट

रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट पर सामंत और राणे सामने-सामने, इंडिया गठबंधन ने बनाया यूथ फ्रंट
  • सामंत और राणे सामने-सामने
  • इंडिया गठबंधन ने बनाया यूथ फ्रंट
  • मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बने पूर्व मंत्री असलम शेख

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लोकसभा की रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट को लेकर सत्तारूढ़ शिवसेना (शिंदे) और भाजपा आमने- सामने आ गई है। गुरुवार को प्रदेश के कैबिनेट मंत्री उदय सामंत ने कहा कि शिवसेना (अविभाजित) ने साल 2019 में रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग लोकसभा सीट पर चुनाव में लड़ा था। इसलिए शिवसेना (शिंदे) साल 2024 के लोकसभा चुनाव में रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट पर लड़ेगी। सामंत ने कहा कि हम चाहते हैं कि शिवसेना ने साल 2019 के लोकसभा चुनाव में जिन सीटों पर उम्मीदवार उतारा था। उन सभी सीटों पर शिवसेना साल 2024 के लोकसभा चुनाव में भी लड़े। इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने कहा कि लोकसभा चुनाव जल्द घोषित होने वाला है। लेकिन विभिन्न दल रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट को लेकर दावा कर रहे हैं पर रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट भाजपा की है। इसलिए इस सीट पर भाजपा ही लोकसभा चुनाव लड़ेगी।

इंडिया गठबंधन के विपक्षी दलों ने बनाया इंडिया यूथ फ्रंट

उधर नई दिल्ली में इंडिया गठबंधन में बिखराव की चर्चा के बीच सभी विपक्षी दलों ने एक नया युवा संगठन इंडिया यूथ फ्रंट बनाया है। गुरुवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) के दिल्ली में लोधी एस्टेट स्थित मुख्यालय पर हुई बैठक में सभी युवा दलों ने पवार गुट के युवा विंग के अध्यक्ष धीरज शर्मा को सर्वसम्मति से इंडिया यूथ फ्रंट का राष्ट्रीय संयोजक चुना है। बैठक के बाद शर्मा ने कहा कि इंडिया गठबंधन में शामिल दर्जन भर से भी अधिक दलों के युवाओं ने मिलकर यूथ फ्रंट बनाया है और युवाओं की यह ताकत भाजपा को आगामी चुनाव में बहुत भारी पड़ने वाली है। उन्होंने इंडिया गठबंधन में बिखराव की खबरों को भ्रमित करने वाली बताते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन से किसी एक नेता के चले जाने से यह कहना गलत है कि इसमें बिखराव हुआ है। अब तो इंडिया के सभी दलों के युवाओं ने भी भाजपा को हराने के लिए कमर कस ली है।

अगले सप्ताह हरियाणा में विशाल रैली

पवार गुट के नेता ने बताया कि आज हुई बैठक में युवाओं के लिए एक बहुत बड़ी रणनीति तैयार की है। बेरोजगारी, महंगाई, युवाओं की राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों को लेकर पूरे देश में इंडिया यूथ फ्रंट बडे प्रदर्शन की तैयारी में है और हरियाणा में मार्च के दूसरे सप्ताह किसानों और नौजवानों के समर्थन से इसकी शुरुआत करने जा रहे है। इसके बाद उत्तरप्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र समेत पूरे देश में हल्ला बोल करेंगे। उन्होंने बताया कि यूथ फ्रंट के गठन के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी की युवा विरोधी नीतियों को जन जन तक पहुंचाने के लिए पूरे देश में बूथ स्तर तक एक टीम भी बनाई गई है। बैठक में कांग्रेस, एनसीपी (पवार गुट), सपा, आरजेडी, लेफ्ट, मुस्लिम यूथ लीग, पीडीपी, एआईवायएफ, डीवाईएफआई, आप, फॉरवर्ड ब्लॉक यूथ विंग समेत कई अन्य घटक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बने पूर्व मंत्री असलम शेख

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस समिति (एमआरसीसी) में कुछ अतिरिक्त पदाधिकारियों की नियुक्ति को मंजूरी दी है। गुरूवार को मुंबई कांग्रेस के चार वरिष्ठ उपाध्यक्षों, पांच उपाध्यक्षों, 12 महासचिवों और 19 सचिवों की नियुक्ति हुई है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि असलम शेख, अमीन पटेल, अशोक जाधव और युसूफ अबरानी को मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष होंगे। इसी प्रकार अजंता यादव, आसिफ जकारिया सहित पांच नए उपाध्यक्षों की भी नियुक्ति हुई है। समिति के नए महासचिवों में डॉ किशोर सिंह, ताज मोहम्मद, पूरण जोशी सहित 12 लोग शामिल किए गए हैं तो राजेश इंगले और वीणा पाटील सहित 19 लोग नए सचिव बनाए गए हैं। संदीप शुक्ला मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस के नए कोषाध्यक्ष और प्रेनिल नायर संगठन प्रभारी होंगे। साथ ही रवि बावकर को दक्षिण मुंबई जिला कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

Created On :   29 Feb 2024 5:02 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story