रणनीति पर चर्चा: राहुल गांधी से मिले शरद पवार, खरगे बोले - हम हर चुनौती के लिए हैं तैयार

राहुल गांधी से मिले शरद पवार, खरगे बोले - हम हर चुनौती के लिए हैं तैयार
  • शरद पवार की कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात
  • अक्टूबर में भोपाल में होने वाली गठबंधन की रैली भी रद्द
  • महाराष्ट्र से लोकसभा की सबसे ज्यादा 48 सीटें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. राकांपा सुप्रीमों शरद पवार ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। यह मुलाकात खरगे के सरकारी आवास पर हुई। इस बैठक में इन नेताओं ने विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की आगे की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में राकांपा विधायक जितेन्द्र आव्हाद और कांग्रेस नेता गुरदीप सप्पल भी मौजूद रहे।

यह बैठक इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि पिछले एक सितंबर को मुंबई में संपन्न इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद अब तक इसकी कोई बैठक नहीं हुई है। अक्टूबर में भोपाल में होने वाली गठबंधन की रैली भी रद्द की जा चुकी है। सूत्र बताते हैं कि आज की बैठक में तीनों वरिष्ठ नेताओं के बीच इंडिया गठबंधन की अगली बैठक को लेकर बातचीत हुई है।

सूत्रो की मानें तो इंडिया गठबंधन की जल्द ही एक बैठक होगी। मुंबई बैठक में ही समन्वय समिति का गठन हुआ था। बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा, “देश की जनता की आवाज और बुलंद करने के लिए आज राहुल गांधी के साथ एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार से भेंट हुई। हम हर चुनौती के लिए तैयार हैं। जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया”।

महाराष्ट्र के सियासी हालात पर भी हुई चर्चा

इस बैठक का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि महाराष्ट्र में लोकसभा सीटों के बंटवारे को लेकर महाविकास आघाड़ी के तीनों दलों शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस के बीच चर्चा शुरू हो चुकी है। आघाड़ी में शामिल तीनों दलों ने 2024 लोकसभा चुनाव के लिए राज्य में सीट बंटवारे पर चर्चा करने के लिए नौ सदस्यीय समन्वय समिति का गठन किया है। इंडिया गठबंधन के लिए महाराष्ट्र इसलिए ज्यादा अहम है क्योंकि उत्तरप्रदेश (80 सीटें) के बाद लोकसभा की सबसे ज्यादा 48 सीटें महाराष्ट्र में है। बताया जा रहा है कि बैठक में महाराष्ट्र के ताजा राजनीतिक हालात पर भी बातचीत हुई है।

Created On :   6 Oct 2023 2:18 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story