आईएनएस मोरमुगाओ से मिसाइल का सफल परीक्षण

आईएनएस मोरमुगाओ से मिसाइल का सफल परीक्षण
ब्रह्मोस के बाद सी स्कीमिंग मिसाइल का सटीक हमला

डिजिटल डेस्क, मुंबई, प्रमुख संवाददाता. भारतीय नौसेना के जहाज मोरमुगाओ से मंगलवार को नई मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल का पहली बार सफल परीक्षण किया गया। नौसेना की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पश्चिमी नौसेना कमान ने मुंबई के करीब अरब सागर में यह परीक्षण किया।

एक अधिकारी ने बताया कि मोरमुगाओ से छोड़ी गई मिसाइल ने हवा में मौजूद टार्गेट पर सटीक वार किया। इस सफलता से पश्चिमी नौसेना कमान को चुनौतियों से बेहतर तरीके से निपटने में मदद मिलेगी। इस अत्याधुनिक मिसाइल की मदद से हमलावर मिसाइल और एयरक्राफ्ट को निशाना बनाया जा सकता है। पानी की सतह के थोड़े ही ऊपर इस टार्गेट को मिलाइल से मार गिराया गया। इसे स्कीमिंग कहा जाता है। इसकी मदद से मोरमुगाओ आत्मरक्षा भी कर सकता है और बेड़े में मौजूद दूसरे जहाजों को भी दुश्मन के हमले से बचा सकता है। इसके जरिए 75 किलोमीटर तक निशाना साधा जा सकता है।

नौसेना के अधिकारी ने कहा कि साल 2047 तक भारतीय नौसेना को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश में भी यह सफलता अहम कड़ी साबित होगी। इससे पहले विध्वंसक मोरमुगाओ से ब्रह्मोस मिसाइल का भी सफल परीक्षण किया गया था।

मोरमुगाओ को पिछले साल 22 दिसंबर को नौसेना में शामिल किया गया था, जिसके बाद इस पर हथियारों का परीक्षण हो रहा है। नौसेना में शामिल होने के बाद करीब 8 महीने तक इस पर तैनात विभिन्न हथियारों का परीक्षण चलेगा, जिसके बाद इसे देश की रखवाली के लिए बेड़े में तैनात किया जाएगा।

Created On :   24 May 2023 12:39 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story