- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- महाराष्ट्र कांग्रेस को युवा...
Mumbai News: महाराष्ट्र कांग्रेस को युवा कांग्रेस बनाने में जुटे हर्षवर्धन सपकाल, नियुक्त किए 92 युवा ब्लॉक अध्यक्ष

- 7 और 8 अगस्त को मुंबई में होगी ट्रेनिंग
- 12 को पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक
Mumbai News. सोमदत्त शर्मा। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस की जंबो कार्यकारिणी का गठन करने के बाद अब प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को लगे झटके से उबारने के लिए काम करना शुरू कर दिया है। सपकाल ने राज्य में तहसील स्तर से लेकर विभागीय स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए नियुक्ति करने का काम लगभग पूरा कर लिया है। दैनिक भास्कर से बातचीत में सपकाल ने कहा कि पार्टी ने 92 ऐसे ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की है, जिनकी औसत उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच है। सपकाल का मानना है कि अगर पार्टी में युवा नेतृत्व को तरजीह दी जाएगी तो इससे पार्टी को महाराष्ट्र में एक बार फिर से खड़ा करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य में हम कांग्रेस का संगठन नया बनाने पर काम कर रहे हैं।
क्या चाहते हैं सपकाल?
सपकाल ने कहा कि राज्य में सभी जिलों के जिला अध्यक्षों के साथ-साथ पार्टी को विभाग और ब्लॉक स्तर पर मजबूत करने के लिए पदाधिकारियों को पार्टी से जोड़ने का टारगेट दिया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र कांग्रेस के इतिहास में पहली बार 92 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति साक्षात्कार के जरिए हुई है। इन नियुक्तियों में उम्र का विशेष ख्याल रखा गया है। सपकाल ने कहा कि जिन ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है, उनकी औसत उम्र 45 से 50 वर्ष के बीच है। सभी नियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों की मुंबई में 7 और 8 अगस्त को एक कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें उन्हें पार्टी के हित में और क्या कार्य करने चाहिए, इसका प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन्हें प्रशिक्षण देने के लिए राजनीति के विशेषज्ञों को बुलाया जाएगा।
सपकाल ने कहा कि पार्टी की योजना है कि कम से कम सप्ताह में दो से तीन दिन पार्टी के वरिष्ठ नेता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बैठकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करें। इसके अलावा पार्टी की 11 अगस्त को पुणे में एक बैठक भी आयोजित होगी, जिसमें वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ पार्टी के पदाधिकारियों को बुलाया जाएगा। सपकाल ने कहा कि वह महाराष्ट्र में कांग्रेस संगठन को पूरी तरह से नया बनाने के लिए काम कर रहे हैं। 12 अगस्त को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रमेश चेन्निथला के मार्गदर्शन में पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक बुलाई गई है, जिसमें राज्य में होने वाले आगामी स्थानीय चुनाव एवं पार्टी संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा होगी। पार्टी की योजना 20 अगस्त के बाद मुंबई के तिलक भवन कार्यालय में एक भव्य रोजगार मेला आयोजित करने की भी है, जिस पर काम किया जा रहा है।
Created On :   1 Aug 2025 7:47 PM IST