- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- जिले के 400 एनएचएम कर्मचारियों को...
Nagpur News: जिले के 400 एनएचएम कर्मचारियों को समायोजन का इंतजार, स्थायी करने का निर्देश

- जीआर के अनुसार ठेका कर्मचारियों को स्थायी करने का निर्देश
- जिले के 1200 एनएचएम कर्मचारियों में से 400 को स्थायी किए जाने का लाभ मिलेगा
Nagpur News. राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान (एनएचएम) अंतर्गत सेवा देने वाले ठेका कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और उपकेंद्र में कार्यरत नर्स, एएनएम और चिकित्सा कर्मियों को स्थायी किया जाएगा। ग्राम विकास व पंचायत राज मंत्री जयकुमार गोरे ने इन कर्मचारियों को सेवा वरिष्ठता के आधार पर समायोजित करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में हुई संयुक्त बैठक में सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के मंत्री प्रकाश आंबिटकर भी उपस्थित थे। जिले में एनएचएम के तहत कुल 1200 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें से 400 कर्मचारियों को इस निर्णय का लाभ मिलेगा।
समिति की ओर से पत्र और जीआर की पृष्ठभूमि
सरकार ने 14 मार्च 2023 को एक शासन निर्णय (जीआर) जारी किया था, जिसके अनुसार एनएचएम के पात्र ठेका कर्मचारियों को वरिष्ठता के आधार पर स्थायी किया जाना था। हालांकि, अब तक इस पर अमल नहीं हुआ है। दिसंबर में ड्राइवर पद और जनवरी में सिपाही पद के कुछ ठेका कर्मचारियों को स्थायी किया गया था। तब से अन्य पदों पर किसी भी कर्मचारी का समायोजन नहीं हुआ है। राष्ट्रीय आरोग्य अभियान अधिकारी व कर्मचारी एकत्रीकरण समिति, महाराष्ट्र राज्य ने सरकार को पत्र भी सौंपा, लेकिन कार्रवाई में देरी जारी है। हाल ही में हुई बैठक में मंत्री गोरे ने शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
400 ठेकाकर्मियों को राहत
- जिले के 1200 एनएचएम कर्मचारियों में से 400 को स्थायी किए जाने का लाभ मिलेगा।
- यदि जल्द प्रक्रिया पूरी नहीं हुई, तो समिति ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
समायोजन प्रक्रिया के खास बिंदु
- प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा जाएगा।
- 10 वर्ष से अधिक सेवा वाले ठेका कर्मचारियों को प्राथमिकता मिलेगी।
- कुल रिक्त पदों में 30% पद आरक्षित रखे जाएंगे।
- विभागों को आवश्यक जानकारी शीघ्र भेजने के निर्देश।
- सेवा प्रवेश नियमों में सुधार कर प्रक्रिया को सरल बनाने का प्रस्ताव।
Created On :   14 Aug 2025 7:08 PM IST