विकास: 6 पोकलेन नदी सफाई अभियान में शामिल,संसाधनों की कमी से कछुआ गति से चल रहा था काम

6 पोकलेन नदी सफाई अभियान में शामिल,संसाधनों की कमी से कछुआ गति से चल रहा था काम
  • मनपा आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी ने सफाई अभियान को लेकर नाराजगी जताई
  • नाग नदी के अंबाझरी, अशोक चौक, पारडी पुल के परिसर की हो रही सफाई
  • विकास कार्य तेज गति से होने की संभावना

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में प्रमुख तीन नदियों और नालों की सफाई के लिए 6 नई पोकलेन को शामिल किया गया है। 1 जनवरी से आरंभ नदी और नाला सफाई अभियान को आरंभ किया गया है, लेकिन पर्याप्त संसाधनों के अभाव में सफाई के नाम पर खानापूर्ति की जा रही थी। हाल ही में मनपा आयुक्त डॉ. अभिजीत चौधरी ने सफाई अभियान को लेकर नाराजगी भी जताई। ऐसे में अब मनपा प्रशासन ने 6 पोकलेन को नदी स्वच्छता अभियान में शामिल किया है।

नाग नदी के भीतर सफाई का कार्य शुरू : मनपा से नाग नदी, पीली नदी और पोहरा नदी के साथ नालों की सफाई में अनदेखी की गई थी। इसी अनदेखी के चलते 22 सितंबर की देर रात अंबाझरी के ओवरफ्लो के चलते शहर को बाढ़ की स्थिति का सामना करना पड़ा था। मनपा के जनसंपर्क विभाग के मुताबिक नदी सफाई के लिए मनपा ने 5 बड़े और 1 छोटे समेत कुल 6 पोकलेन को लगाया है। नाग नदी के अंबाझरी, अशोक चौक, पारडी पुल के परिसर में पोकलेन से सफाई की जा रही है। अंबाझरी परिसर में नाग नदी के भीतर छोटे पोकलेन से सफाई कार्य आरंभ किया गया है।

कर रहे निगरानी : बड़े पोकलेन को अशोक चौक, पारडी पुल, पीली नदी के गोरेवाडा, मानकापूर परिसर और पोहरा नदी में भी पोकलेन को लगाया गया है। शहर में नाग नदी के 16.58 किमी, पीली नदी के 17.42 किमी और पोहरा नदी के 15.17 किमी क्षेत्र को सफाई होना है। इसके साथ ही हत्तीनाला, गड्डीगोदाम, बालाभाऊपेठ, बोरियापूरा, डोबीनगर, लकड़ीपुल, तकिया, नरेंद्रनगर, बुरडनाला समेत करीब 227 नाले की सफाई की जा रही है। सफाई पर मनपा के मुख्य अभियंता राजीव गायकवाड़, अधीक्षक अभियंता मनोज तालेवार समेत जोन के कार्यकारी अभियंता निगरानी कर रहे हैं।

सफाई के लिए स्ट्रेच निर्धारित : नाग नदी -अंबाझरी तालाब से पंचशील चौक, पंचशील चौक से अशोक चौक, अशोक चौक से सेंट जेवियर स्कूल, सेंट जेवियर स्कूल से पारडी उड़ान पुल (भंडारा रोड), पारडी उड़ान पुल से पूनापुर (भरतवाड़ा में नाग एवं पीली नदी संगम) पीली नदी - गोरेवाड़ा तालाब से मानकापुर दहनघाट, मानकापुर दहन घाट से कामठी रोड पुल, कामठी रोड पुल से पुरानी कामठी रोड पुल, पुरानी कामठी रोड पुल से पूनापुर (भरतवाड़- नाग एवं पीली नदी संगम), पोहरा नदी- सहकार नगर से नरेंद्र नगर पुल, बेलतरोडी से पिपला फाटा, पिपला फाटा से नरसाला विहिरगांव तक सफाई कार्य होना है।

Created On :   3 Feb 2024 11:56 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story