हादसा: रोड एक्सीडेंट , दोपहिया की टक्कर से महिला सर्वेक्षक बेहोश , मोबाइल भी टूटा

रोड एक्सीडेंट  ,  दोपहिया की टक्कर से महिला सर्वेक्षक बेहोश , मोबाइल भी टूटा
  • सर्वेक्षको को उठानी पड़ रही परेशानी
  • श्वान के काटने से हो रहे घायल
  • शिक्षकेत्तर कर्मचारी भी जुटे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मराठा आरक्षण की जानकारी एकत्रित करने वाले सर्वेक्षकों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को जोग ले-आउट, प्रशात नगर, अजनी में जहां एक महिला सर्वेक्षक दोपहिया वाहन की टक्कर लगने से बेहोश हो गई। इसी प्रकार दो दिन पहले एक सर्वेक्षक को लावारिस श्वान ने काट लिया, जिसके चलते उसे छुट्टी लेनी पड़ी।

सुरक्षा रक्षक और सर्वेक्षकों ने की मदद : शिक्षकों व अन्य सर्वेक्षकों के साथ गुरुवार को मराठा आरक्षण संबंधी जानकारी एकत्रित करने वाली एक महिला सर्वेक्षक के साथ यह घटना हुई। वाहन की टक्कर के बाद उसका मोबाइल टूट गया। इस दौरान एक इमारत के सुरक्षा रक्षक आैर अन्य सहयोगी सर्वेक्षकों ने उसकी मदद की। चर्चा है कि, महिला का सांस लेना बंद हो गया था। हृदय की पंपिंग के बाद उसने सांस लेना शुरू किया। एम्बुलेंस पहुंचने तक करीब 45 मिनट तक वह बेहोश पड़ी रही। एम्बुलेंस में दवा और परिचारिकाएं थीं। उनके द्वारा उसे उसे अस्पताल ले जाने की चर्चा है। सर्वेक्षण में सभी शिक्षक, शिक्षिका, एनएमसी अधिकारी, पीडब्ल्यूडी कर्मचारी, अांगनवाड़ी सेविका आैर पटवारी शामिल हैं। इन कर्मियों को लावारिस श्वानों से भी परेशानी हो रही है। इस बारे में मनपा के अधिकारियों को ध्यान देने की गुजारिश की गई है।

हवाई यात्रा के दौरान पड़ा मिर्गी का दौरा : दिल्ली से हैदराबाद जा रही विस्तारा एयरलाइन्स की उड़ान की गुरुवार को नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग की गई। उड़ान संख्या वीके 829 में एक यात्री को मिर्गी का दौरा आया। यात्री की स्थिति देखते हुए विमान को डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर उतारा गया। 44 वर्षीय विनय कुमार गोयल नामक यात्री का उपचार किम्स-किंग्ज्वे अस्पताल में चल रहा है। विमान के लैंड करते ही विमानतल पर तैनात किम्स-किंग्ज्वे अस्पताल की टीम ने प्राथमिक जांच कर अस्पताल में भर्ती किया। मरीज की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। उन्हें शनिवार को छुट्टी दी जा सकती है।

सड़क हादसे में महिला की मौत : अस्पताल से घर जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा मानेवाड़ा चौक में हुआ। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित भाग गया। हुड़केश्वर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया। सच्चिदानंद नगर निवासी काजल अभिजीत गायधने (30) गृहिणी थी और दो बच्चों की मां थी। तबीयत ठीक नहीं होने के कारण वह अस्पताल गई थी। बुधवार को दोपहर करीब 12.30 बजे वह अपने दोपहिया वाहन (एम.एच.-31-ए.डब्ल्यू.-4536) पर घर जा रही थी। तुकड़ोजी चौक से मानेवाड़ा चौक की ओर जाते समय एक निजी अस्पताल के सामने अज्ञात वाहन चालक ने तेज रफ्तार वाहन चलाकर उसे पीछे से टक्कर मारी। हादसे में गंभीर घायल हुई काजल की जगह पर ही मौत हो गई। आरोपी चालक के खिलाफ सहायक निरीक्षक महामुनी ने प्रकरण दर्ज किया।

Created On :   2 Feb 2024 9:58 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story