हंगामा: शहर के कारोबारी से मांगी 5 लाख की फिरौती , घर में जबरन घुसकर किन्नर कर रहे परेशान

शहर के कारोबारी से मांगी 5 लाख की फिरौती , घर में जबरन घुसकर किन्नर कर रहे परेशान
  • रकम न देने पर जान को खतरा होने की दी धमकी
  • पारिवारिक विवाद का उठा रहे गलत फायदा
  • घटनाक्रम घर के सीसीटीवी कैमरे में कैद

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर के एक कारोबारी से 5 लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़ित कारोबारी करण तुली ने सदर थाने में शिकायत की है। पीड़ित का आरोप है कि, उनके घर में तृतीय पंथियों ने जबरदस्ती घुसकर उक्त रकम की मांग की। इस दौरान करण के मित्र देवेंद्र नायडू जब उनके घर पहुंचे, तब तृतीय पंथियों ने नायडू से कहा कि, तुम्हारे दोस्त को बोलो कि, हमें 5 लाख रुपए दे, वरना उसकी जान को खतरा है। इसकी शिकायत सदर थाने में किए जाने के बाद यह मामला सामने आ गया।

तृतीय पंथी भेजकर परेशान किया जा रहा : पीड़ित कारोबारी के अनुसार वे सामाजिक कार्यकर्ता हैं। वे शिवसेना में भी पदाधिकारी रह चुके हैं। उनका करीब 3 साल से पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसकी सूचना पुलिस रिकॉर्ड में होने की बात उन्होंने शिकायत पत्र में की है। नवंबर 2023 को उन्होंने न्यायालय में तलाक के लिए अर्जी दी है। करीब 17 माह पहले उनके करीबी रिश्तेदारों जिसमें पत्नी का भी समावेश रहा, ने उनके दोनों बच्चों को पुणे शहर में लेकर शिफ्ट हो गए थे। अचानक 3 अप्रैल 2024 को करीबी रिश्तेदार, उनकी पत्नी बच्चों के साथ आकर नागपुर में राज नगर स्थित किसी अपार्टमेंट में रहने लगे। इसके बारे में जानकारी उनके बड़े बेटे ने ही दी थी। उनका आरोप है कि 3 अप्रैल को उनकी पत्नी ने उनके खिलाफ झूठी याचिका दायर की, जो कोर्ट में प्रलंबित है। इसके बाद लगभग एक सप्ताह से तृतीय पंथी भेजकर उन्हें परेशान किए जाने का भी आरोप करण ने लगाया है। करण के स्टाफ से कहा जा रहा है कि, तेरा सेठ पहली पत्नी को छोड़कर दूसरी लड़की को लाया है। यह जानकारी करण के करीबी रिश्तेदारों ने दी है।

जबरन घर में घुसकर हॉल तक पहुंच गए तृतीय पंथी : तृतीय पंथी उनके घर में जबरन घुसकर हाल तक पहुंच गए। प्रल्हाद गांगुली, जो करण का स्टाफ मेंबर है, उससे कहा कि, तेरे सेठ को बुला, जब उसने कहा कि, घर पर नहीं हैं, तो कहने लगे तू झूठ बोल रहा है। यह सारा घटनाक्रम घर के सीसीटीवी कैमरे में कैद है। तृतीय पंथियों ने उनके दोस्त देवेंद्र नायडू के घर पहुंचने पर कहा कि, करण को बोलो 5 लाख रुपए दे, वरना उसकी जान को खतरा है। इस घटना के बाद से परेशान करण तुली ने सदर थाने पहुंचकर शिकायत की है। सदर के थानेदार मनीष ठाकरे का कहना है कि, चुनाव के बाद इस मामले की छानबीन शुरू की जाएगी।

Created On :   20 April 2024 10:04 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story