Nagpur News: कार्रवाई - तीन हुक्का पार्लर पर छापा, हिरासत में 36 - डेढ़ लाख का सामान जब्त

कार्रवाई - तीन हुक्का पार्लर पर छापा, हिरासत में 36 - डेढ़ लाख का सामान जब्त
  • 28 युवकों को हुक्का पीते दबोचा
  • तीन हुक्का पार्लर पर छापा
  • हिरासत में कुल 36

Nagpur News. शहर पुलिस ने ऑपरेशन थंडर अंतर्गत एक ही दिन में तीन अवैध हुक्का पार्लर पर छापा मारकर 36 आरोपियों को हिरासत में लिया है। इस दौरान करीब 1.49 लाख रुपए की हुक्का सामग्री व अन्य सामान जब्त किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हुक्का पार्लर के मालिकों, कर्मचारियों और ग्राहकों का समावेश हैं।

इन जगहों पर हुई कार्रवाई

सीताबर्डी : पुलिस की कार्रवाई से हुक्का पार्लर के संचालकों में खलबली मच गई है। शनिवार की रात पुलिस के दस्ते ने संयुक्त रूप से सीताबर्डी थानांतर्गत स्थित फर्श कैफे एंड लाउंज में छापेमारी कर 28 युवकों को हुक्का पीते दबोचा, जिसमें हुक्का पार्लर के संचालक आरोपी सैफ लतीफ नगनी (31) और शाहिद सलीम नगनी (34) सतरंजीपुरा, सागर काॅम्प्लेक्स, लकड़गंज, नागपुर निवासी का भी समावेश है। घटनास्थल से 14 हुक्का पॉट, हुक्का फ्लेवर्स, सिलेंडर, पाइप्स, नकद 5200 रुपए व अन्य सामग्री सहित करीब 30 हजार रुपए का माल जब्त किया गया। सीताबर्डी थाने में कोटपा के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अंबाझरी : दूसरी कार्रवाई हश कैफे, लक्ष्मी भवन चौक के पास अंबाझरी थानांतर्गत की गई। 6 युवकों को हुक्का पीते पकड़ा गया। कैफे से 15 हुक्का पॉट, 13 चिलम, 22 पाइप्स, हुक्का फ्लेवर्स, लैपटाप और अन्य सामग्री सहित करीब 72 हजार 370 रुपए का माल जब्त िकया गया है। हश कैफे के संचालक आदिल का सेफरान नाम का कैफे भी अंबाझरी क्षेत्र में है। बताया जाता है कि आदिल क्रिकेट सट्टे के धंधे में भी लिप्त है।

अंबाझरी : तीसरी कार्रवाई भी अंबाझरी थानांतर्गत एलएसडी कैफे में की गई। कैफे से संचालक प्रफुल, एक कर्मचारी और दो युवकों को पकड़ा गया। कैफे से पुलिस दस्ते ने 17 हुक्का पॉट, 33 पाइप्स, हुक्का फ्लेवर्स, लैपटॉप व अन्य सामग्री सहित करीब 47 हजार 60 रुपए का माल जब्त किया। तीनों कार्रवाई में 36 लाेगों को हिरासत में लिया गया। इस दौरान तीनों हुक्का पार्लरों से 1 लाख 49 हजार 430 रुपए का माल जब्त किया गया। पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र सिंगल के मार्गदर्शन में मादक पदार्थ विरोधी दस्ते के पुलिस निरीक्षक गजानन गुल्हाने के नेतृत्व में मादक पदार्थ विरोधी दस्ते, सीताबर्डी व अंबाझरी थाने के अलावा पुलिस आयुक्त के विशेष दस्ते ने कार्रवाई की।

पुलिस की अपील : पुलिस ने एक बार फिर आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को अवैध हुक्का पार्लर या नशे के पदार्थों की बिक्री-सेवन से संबंधित कोई जानकारी मिले, तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Created On :   2 Jun 2025 7:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story