ट्रांसफर: नागपुर के नए पुलिस आयुक्त रवींद्र सिंगल ,3 सहायक पुलिस आयुक्तों के भी तबादले

नागपुर के नए पुलिस आयुक्त रवींद्र सिंगल ,3 सहायक पुलिस आयुक्तों के भी तबादले
  • इसके पहले भी संतरानगरी में निभा चुके हैं बड़ी जिम्मेदारियां
  • अमितेश कुमार पुणे के नए पुलिस आयुक्त होंगे
  • अन्य अधिकारियों के भी हुए तबादले

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार का पुणे में तबादले के बाद आईपीएस अधिकारी रवींद्र सिंगल को नागपुर का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। सिंगल इसके पहले भी नागपुर में कई बड़ी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। नागपुर के नए पुलिस आयुक्त के नाम पर यूं तो कई आईपीएस अधिकारियों के नाम की चर्चा होती रही, लेकिन अंतत: रवींद्र सिंगल को नियुक्त किया गया है। शहर के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार पुणे के नए पुलिस आयुक्त होंगे। पुणे में अभी रितेश कुमार पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

हार को हावी नहीं होने देता : रवींद्र सिंगल जांबाज अधिकारी माने जाते हैं। वे कहते हैं कि मैं हार को अपने ऊपर हावी नहीं होने दे सकता, क्योंकि मेरे अलावा कई लोगों के सपने मेरे प्रयासों पर निर्भर है। रवींद्र सिंगल अच्छे वक्ता के साथ ही लेखन, राइफल शूटिंग, पेंटिंग और फोटोग्राफी में भी बेहद रुचि रखते हैं। इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के रूप में 2 साल तक नौकरी की। फिर नौकरी छोड़कर सिविल सेवा परीक्षा में शामिल हुए। वर्ष 1996 कैडर के आईपीएस अधिकारी बने। वर्ष 1998 में वे सांगली के एएसपी बने। इसके बाद 1999 में वह अमरावती के उपायुक्त बने। इसके अलावा नागपुर रेलवे में अधीक्षक थे। 2010 में वे नागपुर में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त थे। वे नागपुर के दक्षिण सांस्कृतिक मध्य केंद्र के वर्ष 2010 में निदेशक बनाए गए थे। नाशिक, नांदेड़, ठाणे, मुंबई रेलवे सहित अन्य जगहों पर महती जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। 1990 में दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) की पढ़ाई की है। 1996 में, जिस वर्ष उनके पिता पुलिस से डीसीपी के रूप में सेवानिवृत्त हुए, वह एक आईपीएस अधिकारी बन गए।

कर्मचारियों में भी हुए आंतरिक फेरबदल : शहर पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने 3 सहायक पुलिस आयुक्तों के आंतरिक तबादले किए। उनके आदेश पर कुछ पुलिसकर्मियों के भी आंतरिक तबादले किए गए। सूत्रों के अनुसार, सदर विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त अभिजीत पाटील का अपराध शाखा (डिटेक्शन) में तबादला किया गया है। लकड़गंज विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त जयेश भांडारकर का विशेष शाखा-2 और आर्थिक अपराध व साइबर की सहायक पुलिस आयुक्त माधुरी बाविस्कर का सदर विभाग में सहायक पुलिस आयुक्त की जगह पर तबादला किया गया है।

गोयल का नागपुर में उपायुक्त की जगह तबादला : छत्रपति संभाजीनगर स्थित राज्य आरक्षी पुलिस बल, गट क्रमांक 14 के समादेशक निमित गोयल का नागपुर में पुलिस उपायुक्त की जगह पर तबादला किया गया है। निमित गोयल इसके पूर्व नागपुर, पुणे, मुंबई सहित अन्य कई स्थानों पर कार्य कर चुके हैं। वे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वर्तमान समय में वे छत्रपति संभाजीनगर में समादेशक के पद पर कार्यरत हैं। उनका तबादला नागपुर में उपायुक्त पद पर किया गया है।

Created On :   1 Feb 2024 5:32 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story