दिवाली की ग्राहकी: सर्राफा, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन और प्रापर्टी बाजार तैयार

सर्राफा, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन और प्रापर्टी बाजार तैयार
सभी क्षेत्रों में 15 से 30 प्रतिशत की व्यापार बढ़त की संभावना

डिजिटल डेस्क, नागपुर। दीपावली से पूर्व धनतेरस के लिए बाजार गुलजार है। सर्राफा, आॅटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन, प्रापर्टी और कपड़ा के साथ ही अन्य बाजार भी दीपावली के लिए तैयार हैं। दीपवली की खरीदी के लिए शहर के सभी बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। यहां तक कि रास्तों पर भी ट्रैफिक जाम की समस्या आ रही है। बर्डी, इतवारी, जरीपटका, कमाल चौक, गोकुलपेठ, सक्करदरा, सदर आदि बाजारों में काफी भीड़ उमड़ रही है। इस साल धनतेरस पर सभी क्षेत्रों में 15 से 30 प्रतिशत की व्यापार बढ़त दिखाई दे रही है।

सर्राफा में प्री-बुकिंग 30 प्रतिशत बढ़ी : धनतेरस पर सर्राफा बाजार में काफी अच्छा माहौल है। धनतेरस पर पीली धातु सोना खरीदने का रिवाज है। इसी दिन से लोग शादी-ब्याह की भी खरीदी करते हैं। सर्राफा व्यापारी राजेश रोकडे ने बताया कि सर्राफा बाजार में धीरे-धीरे प्री-बुकिंग का प्रचलन बढ़ रहा है। इस साल प्री-बुकिंग में 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। धनतेरस की सुबह ग्राहक शोरूम से डिलीवरी लेंगे। उन्होंने बताया कि इस साल धनतेरस डेढ़ दिन का आ रहा है। ऐसे में लोगों को मुहूर्त पर खरीदी के लिए अच्छा-खासा समय मिल रहा है। इस साल दिवाली महीने के दूसरे सप्ताह में आ रही है। वेतनभोगियों को वेतन भी मिल चुका है। यही कारण है कि बाजार गुलजार है।

1000 से ज्यादा कार, 3000 दोपहिया वाहनों की डिलीवरी : धनतेरस पर शहर के ऑटोमोबाइल मार्केट से 1000 से ज्यादा कारें और 3000 से ज्यादा दोपहिया की डिलीवरी होगी। ऑटोमोबाइल कंपनियों की ओर से ग्राहकों के लिए काफी आकर्षक आॅफर्स पेश किए गए हैं, जिनका लाभ ग्राहक ले रहे हैं। विदर्भ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज पांडे ने बताया कि इस साल चारपहिया कारों की बिक्री बढ़ी है। कंपनियों ने भी मार्केट में नए-नए माॅडल्स उतारे हैं। इन दिनों ग्राहक एक्सचेंज ऑफर भी काफी लाभ उठा रहे हैं।

एलईडी की बिक्री बढ़ी : इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार भी इन दिनों काफी अच्छा ग्रोथ कर रहा है। इन दिनों बाजार में 50 इंच से ऊपर की एलईडी टीवी की काफी मांग है। इलेक्ट्रॉनिक्स सामग्री के विक्रेता श्रीकांत भांडारकर ने बताया कि एलईडी टीवी के साथ ही फ्रीज, वॉशिंग मशीन के साथ ही अन्य उपकरणों की भी मांग है। इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट भी इस साल 20 प्रतिशत से ज्यादा की ग्रोथ कर रहा है।

बर्तन, कपड़ा, पटाखा दुकानें हाउसफुल : धनतेरस से पहले बर्तन, कपड़ा के साथ ही पटाखा बाजार भी हाउसफुल है। स्टील मर्चंेट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम चेलानी ने बताया कि दीपावली करीब आते ही बाजार में ग्राहक बढ़े हैं। धनतेरस पर पूजा के लिए नए बर्तन की खरीदी की जाती है। खासकर पीतल के बर्तनों की मांग है।

Created On :   10 Nov 2023 5:08 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story