तैयारी: लोकसभा चुनाव के लिए जिले में होंगे कुल 4500 पोलिंग बूथ

लोकसभा चुनाव के लिए जिले में होंगे कुल 4500 पोलिंग बूथ
नागपुर जिले में 41 लाख 74 हजार मतदाता वर्तमान में, एक पोलिंग बूथ पर रहेंगे 800 से 1200 मतदाता

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जिला प्रशासन ने पोलिंग बूथ पर कितने मतदाता होने चाहिए, जैसे ही इसका निर्धारण किया, पोलिंग बूथ की संख्या बढ़ गई है। 2024 में होने वाले लोक सभा चुनाव के दौरान जिले में करीब 4 हजार 5 सौ पोलिंग बूथ रहेंगे। एक पोलिंग बूथ पर 800 से 1200 मतदाता रहेंगे। 2019 में हुए लोक सभा चुनाव के दौरान पोलिंग बूथ पर कितने मतदाता रहने चाहिए यह तय नहीं था। किसी बूथ पर 750 तो किसी बूथ पर 15 सौ तक मतदाता होते थे। इसी तरह मतदाता एक ही एरिया के होने के बावजूद इनके पोलिंग बूथ अलग-अलग एरिया में होते थे। अब ऐसा नहीं होगा। जिला प्रशासन पोलिंग बूथ पर मतदाताआें की संख्या तय करने के साथ ही एक एरिया के सभी मतदाताआें के लिए एरिया के ही पोलिंग बूथ पर मतदान की व्यवस्था कर रहा है। एरिया से बाहर का पाेलिंग बूथ होने पर मतदाता मतदान करने में कम दिलचस्पी लेता है। वर्तमान में जिले में 41 लाख 73 हजार 877 मतदाता हैं।

दिव्यांग 18578 और तृतीयपंथी 276 : एक साल पहले तक जिले में दिव्यांग मतदाताआें की संख्या 18 हजार 64 थी, जो बढ़कर अब 18 हजार 578 हो गई है। इसी तरह तृतीयपंथी वोटर 271 से बढ़कर 276 हो गए हैं।

नहीं के बराबर बढ़ रहे वोटर : नागपुर जिले में नागपुर व रामटेक ऐसे दो लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र हैं। जुलाई 2019 को जिले में 40 लाख 84 हजार 842 वोटर थे। जून 2022 को 41 लाख 16 हजार 483 वोटर थे। अब 1 जनवरी 2024 को जो 18 साल पूरे करेंगे, उस हिसाब से 41 लाख 73 हजार 877 वोटर हुए हैं। इसमें आैर वृद्धि होगी। जिले में वोटर बढ़ने की रफ्तार बहुत धीमी है। अगर मृतकों को वोटर लिस्ट से पूरी तरह हटाया जाए तो मतदाताआें की संख्या करीब डेढ़ लाख तक कम हो सकती है। वोटर बनने को जहां कई वर्ष लग जाते, वहीं कम होने को चंद समय लगता है।

5 जनवरी को नई वोटर लिस्ट : चुनाव आयोग की अनुमति लेने के बाद 5 जनवरी 2024 को जिले की नई वोटर लिस्ट जारी हो सकती है।

Created On :   15 Nov 2023 6:18 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story