नागपुर: चिकन पॉक्स के मरीज बढ़े, सरकारी अस्पतालों में रोज 10 व निजी में 4 मरीज

चिकन पॉक्स के मरीज बढ़े, सरकारी अस्पतालों में रोज 10 व निजी में 4 मरीज
  • नियमित टीकाकरण जरूरी
  • रोज 10 सरकारी अस्पतालों में मरीज
  • निजी में 4 मरीज

डिजिटल डेस्क, नागपुर. शहर के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (मेडिकल) में चिकन पॉक्स के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। मेडिकल में हर रोज 10 मरीज आ रहे हैं। वही निजी अस्पतालों में हर दिन 4 मरीज आने की जानकारी है। मार्च महीने की शुरुआत से गर्मी का प्रकाेप बढ़ने के बाद यह स्थिति बनी है। शहर के मुकाबले ग्रामीण के मरीजों का प्रमाण अधिक है। इस साल गर्मी कों देखते हुए शुरुआत से ही बच्चों की सुरक्षा पर ध्यान देने का आह्वान मेडिकल के चिकित्सा अधीक्षक व बालरोग विशेषज्ञ डॉ. अविनाश गावंडे ने किया है।

10 दिन तक रहता है प्रकोप

चिकन पॉक्स नामक बीमारी बच्चों में होती है। इसे बोलचाल की भाषा में छोटी माता कहा जाता है। यह बीमारी वैरिसेला झोस्टर नामक विषाणु से होती है। गर्मी की शुरूआत होते ही इस बीमारी की शुरुआत होती है। इस बीमारी का प्रकोप 8 से 10 दिन तक रहता है। इस साल यह बीमारी अधिक प्रमाण में होने की आशंका व्यक्त की गई है।

फैलता है संक्रमण

विशेषज्ञों के अनुसार, इस बीमारी में शुरुआत में गुलाबी रंग की छोटी फुंसिया आती है। इसके 12 से 24 घंटे में खुजली आना शुरू होता है। फुंसियों में पानी भरने लगता है। दो दिन बाद से लेकर पांच दिन तक फुंसियों की संख्या तेजी से बढ़ती है। शरीर की त्वचा पर फुंसिया फैल जाती हैं।

लक्षण इस प्रकार होते हैं

चिकन पॉक्स के कारण सिरदर्द, बुखार, पेट दर्द आदि लक्षण दिखाई देते है। फुंसियों को खुजाने पर विषाणु संक्रमण फैलता है। त्वचा का रंग काला होता है। मेडिकल में आने वाले मरीजों में यह सारे लक्षण दिखाई दे रहे हैं।

नियमित टीकाकरण जरूरी

डॉ. अविनाश गावंडे, चिकित्सा अधीक्षक, मेडिकल के मुताबिक चिकन पॉक्स पर कोई विशेष उपचार पद्धति नहीं है। अधिक तीव्रता होने पर एंटी वायरल दवाएं दी जाती हैं। दवा नहीं लेने पर 8 से 10 दिनों में यह बीमारी खत्म हो जाती है। इसके बचाव के लिए टीके उपलब्ध हैं। टीके लेने वाले बच्चों में इसका प्रमाण न के बराबर होता है। बच्चों को निर्धारित आयु में पहला डोज 12 से 15 महीने में, दूसरा डोज 4 से 6 साल में देना जरूरी है।



Created On :   12 March 2024 9:57 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story