Nagpur News: चलो मतदाता सूची दोषपूर्ण है पर कोई ये तो साबित करे कि लाभ हमको ही मिला - फडणवीस

चलो मतदाता सूची दोषपूर्ण है पर कोई ये तो साबित करे कि लाभ हमको ही मिला - फडणवीस
  • अल्ट्रा लेफ्टिस्ट विचारों से ग्रसित है कांग्रेस
  • संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर रही है
  • कहीं प्री पोल, कहीं पोस्ट पोल युति

Nagpur News. मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सही ठहराया है। उन्होंने कहा है-मतदाता सूची दोषपूर्ण है। हम इन आरोपों का समर्थन करते हैं। लेकिन कोई यह साबित करके बताएं कि मतदाता सूची में गड़बड़ी से हमने सत्ता पायी है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस प्रमुख विपक्षी दल की भूमिका नहीं निभा पा रही है। वह अल्ट्रा लेफ्टिस्ट विचारों से ग्रसित है। संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर रही है। इससे देश को नुकसान होगा। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के हमलों व आरोपों का जनता महत्व नहीं देती है। गुरुवार को दीवाली मिलन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री फडणवीस ने पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा की। वाेट चोरी के आरोपों पर फडणवीस ने कहा-25 वर्ष से मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत मिलती रही है। 2012 में मैंने ऐसी ही शिकायत न्यायालय में की है। मतदाता सूची में अधिकतर गड़बड़ी शहर में रहती है, ग्रामीण क्षेत्र में नहीं। असल में नागरिकों के पलायन के कारण यह स्थिति बनती है। घर बदलने के साथ मतदाता सूची में नाम भी बदले जाते हैं। एक ही मतदाता का नाम 3 स्थान पर हो सकता है। लेकिन इसका मतलत यह नहीं है कि एक ही समय में 3 स्थान पर मतदान किया जाता है। वोट चोरी का आरोप लगानेवालों के क्षेत्र में किस तरह मतदाता सूची में गड़बड़ियां हुई, इस संबंध में हमारे पास पर्याप्त जानकारी है। संवैधानिक संस्थाओं पर हमले होंगे तो देश को नुकसान होगा, कांग्रेस हमले कर रही है लेकिन उसे जनता ही गंभीरता से नहीं ले रही है।

शक्तिपीठ एक्सप्रेस महामार्ग

शक्तिपीठ एक्सप्रेस महामार्ग के लिए जमीन अधिग्रहण के कार्य को 95 प्रतिशत सहयोग मिल रहा है। इस प्रोजेक्ट के लिए कुछ एलिमेंट बदले गए हैं। सोलापुर व सांगली में और भी बदलाव किया जा सकता है। जमीन अधिग्रहण के लिए अवधि दी गई है। वैनगंगा, पैनगंगा नदी जोड़ प्रकल्प का डीपीआर तैयार कर लिया गया है। एसएलटीसी के बाद डीपीआर को मंजूरी दी जाएगी। इस प्रकल्प के लिए मार्च 2026 से जमीन अधिग्रहण का कार्य शुरु करने की तैयारी है।

नाशिक कुंभ नियोजन की चुनौती

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि जुलाई 2027 में होनेवाले नाशिक कुंभ के नियोजन के लिए विविध चुनौतियां है। प्रयागराज में कुंभ के लिए 1500 हेक्टेयर जमीन की तुलना में नाशिक में 500 एकड़ जमीन ही है। रामकुंड में 1000 भक्तों के स्नान की व्यवस्था की जाएगी। त्रयंबक व नाशिक में स्नान की व्यवस्था की जाएगी। हालांकि अभी नियोजन कार्य के लिए पर्याप्त समय है। 2026 में प्रशासन इस संबंध में िनर्णायक नियोजन करेगा।

जनसुरक्षा विधेयक

शहरी नक्सलियों पर नियंत्रण के लक्ष्य के साथ तैयार किए गए जनसुरक्षा विधेयक को राज्य सरकार ने आवश्यक प्रक्रिया के लिए केंद्र को भेज दिया है। यह विधेयक जल्द ही राष्ट्रपति के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि जंगल क्षेत्र में नक्सलवाद लगभग समाप्त होने की स्थिति में है। लेकिन शहरी नक्सलवाद चुनौती बना हुआ है। युवाओं को सरकार व संविधानिक संस्थाओं के विरोध में बहकाने का प्रयास किया जा रहा है।

कहीं प्री पोल, कहीं पोस्ट पोल युति

स्थानीय निकाय चुनाव में लिए राज्य भर में महायुति नहीं होगी। कहीं प्री पोल तो कहीं पोस्ट पाेल युति होगी। आरक्षण व जाति के विषयों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां जरुरत है वहां संबंधित समाज को आवश्यक सहायता मिलनी ही चाहिए। लेकिन चुनाव के समय जाति के समीकरण सामने लाए जाते हैं। मनपा व जिप चुनाव के बाद जाति की बातें व समीकरण 50 प्रतिशत से भी कम हो जाएगी।



Created On :   23 Oct 2025 8:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story