नागपुर मनपा: मैदान और उद्यानों का डीपीआर राज्य सरकार को भेजा जाएगा, खेल मैदान और उद्यानों के विकास के लिए प्रस्ताव

मैदान और उद्यानों का डीपीआर राज्य सरकार को भेजा जाएगा, खेल मैदान और उद्यानों के विकास के लिए प्रस्ताव
  • शहर में 200 खेल मैदान और 200 उद्यानों के विकास के लिए मनपा का प्रस्ताव
  • एक सप्ताह में डीपीआर तैयार कर सरकार को भेजने के निर्देश

Nagpur News. शहर में नागरिकों की सुविधा के लिए बुनियादी संरचना का विकास आवश्यक है। ऐसे में शहर में 200 उद्यान और 200 खेल मैदानों को विकसित करने के लिए बृहद परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) राज्य सरकार को भेजने का निर्देश महापौर नीता ठाकरे ने दिया है। मनपा के स्थायी समिति सभागृह में बैठक का आयोजन महापौर नीता ठाकरे की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में उपमहापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी, सत्ता पक्ष नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर, खेल समिति सभापति दर्शनी धवड, अतिरिक्त आयुक्त अंकित, अतिरिक्त आयुक्त मुरुगानंथम एम., अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम, उपायुक्त मंगेश खवले, उपायुक्त गणेश राठोड, वृक्ष संवर्धक अमोल चौरपगार, क्रीड़ा अधिकारी डॉ. पीयूष अंबुलकर समेत अन्य उपस्थित थे। महापौर नीता ठाकरे ने कहा कि केंद्रीय परिवहन व राष्ट्रीय महामार्ग मंत्री नितीन गडकरी की संकल्पना से शहर में खेल मैदान और उद्यानों में बेहतरीन सुविधाएं तैयार करने का फैसला मनपा प्रशासन ने किया है। ऐसे में मैदानों और उद्यानों का जल्द से जल्द सर्वेक्षण कर डीपीआर राज्य सरकार को भेजने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है। बैठक के आरंभ में स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी ने मैदानों और उद्यानों के विकास की रूपरेखा बताई।

प्रस्ताव तत्काल तैयार करें : नरेंद्र (बाल्या) बोरकर

बैठक में बोलते हुए सत्ता पक्ष नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर ने कहा कि प्रत्येक प्रभाग में पहले चरण में दो उद्यान और दो मैदान विकसित किए जाएं। इसके लिए प्रत्येक प्रभाग में संबंधित नगरसेवकों को साथ लेकर मैदान और उद्यानों का चयन कर संकल्पना तैयार करें। इसके अलावा वॉक-थ्रू पीएमसी की सहायता से प्रस्ताव तैयार करें। डीपीआर को आगामी एक सप्ताह के भीतर राज्य सरकार को भेजने की कार्यवाही पूरी करने का निर्देश भी बाल्या बोरकर ने दिया। बैठक में नगरसेवक आभा पांडे, रितेश गावंडे, सुनील दांडेकर, सुषमा चौधरी, संजय ठाकरे, विनय दाणी, बाबाराव तायडे, आलिशा फहीम खान, सुहास नानवटकर, मुजतबा अंसारी, विनोद कन्हेरे समेत अन्य उपस्थित थे।

Created On :   10 Sept 2026 6:14 PM IST

Tags

Next Story