क्राइम के अलग अलग मामले: सोशल मीडिया पर दंपति की निजी तस्वीरें वायरल, शराब के लिए ऑटो की तोड़फोड़ कर चालक पर हमला

सोशल मीडिया पर दंपति की निजी तस्वीरें वायरल, शराब के लिए ऑटो की तोड़फोड़ कर चालक पर हमला
  • सोशल मीडिया पर दंपति की निजी तस्वीरें वायरल, अश्लील संदेश लिखकर बदनाम करने का आरोप
  • ऑटो चालक से शराब के लिए पैसे मांगे, इनकार पर किया हमला

डिजिटल डेस्क, नागपुर. शहर में अपराध के दो अलग-अलग मामलों में एक ओर शराब के लिए पैसे देने से इनकार करने पर ऑटो चालक पर हमला कर उसे घायल कर दिया गया, वहीं दूसरी ओर दंपति की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर उन्हें बदनाम करने का मामला सामने आया है। दोनों मामलों में संबंधित थानों में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

कोराड़ी में ऑटो चालक पर हमला: जयभीम नगर, महादुला निवासी ऑटो चालक जमीर उर्फ टिड्डी फरीद शेख (20) मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे होटल गरीब नवाज के पास ऑटो लेकर खड़ा था। इसी दौरान उसी बस्ती में रहने वाले शब्बीर तमीज शेख (35) ने शराब पीने के लिए उससे पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच गाली-गलौज और मामूली विवाद हुआ। तैश में आए शब्बीर ने पत्थर मारकर ऑटो का कांच फोड़ दिया। इसके बाद उसके साथ मौजूद शोएब उर्फ शानू रशीद खान (25) और अफजल उर्फ काल्या सलीम (22) ने भी उसका साथ दिया और सत्तूर से जमीर पर हमला कर दिया। हमले में जमीर मामूली रूप से घायल हुआ। मेयो अस्पताल की एमएलसी रिपोर्ट के आधार पर कोराड़ी पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

जरीपटका में निजी फोटो वायरल: दूसरे मामले में जरीपटका क्षेत्र निवासी दंपति की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल कर बदनाम करने का आरोप है। आरोप है कि आरोपी ने फेसबुक पर दंपति की निजी तस्वीरें वायरल करने के साथ उनके साथ अश्लील संदेश भी लिखे। इससे दंपति की समाज और रिश्तेदारी में बदनामी हुई। घटना के पीछे रंजिश की आशंका जताई जा रही है। जरीपटका पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। साइबर टीम की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।

Created On :   10 Sept 2026 6:03 PM IST

Tags

Next Story