Nagpur News: सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी को पुलिस बनकर साइबर ठगों ने ठगा, 60.60 लाख गंवाए

सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी को पुलिस बनकर साइबर ठगों ने ठगा, 60.60 लाख गंवाए
  • मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने की धमकी देकर बनाया दबाव
  • पुलिस मुख्यालय का अधिकारी बनकर की वीडियो कॉल, कॉन्फ्रेंस पर वरिष्ठ अधिकारी से भी कराई बात
  • सेवानिवृत्ति के बाद मिली पूरी जमा पूंजी बताए खातों में ट्रांसफर कराई

Nagpur News साइबर अपराधियों ने नागपुर पुलिस का अधिकारी बनकर जानकी नगर निवासी 65 वर्षीय सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने की धमकी देकर 60 लाख 60 हजार रुपए ठग लिए। 5 से 9 सितंबर के बीच हुई इस घटना में आरोपियों ने पुलिस केस और गिरफ्तारी का डर दिखाकर पीड़ित को मानसिक रूप से दबाव में लिया। मामले की शिकायत मिलने के बाद गुरुवार को साइबर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है।

जानकी नगर निवासी नंदकिशोर गोन्नाडे सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी हैं। आरोपियों ने पुलिस मुख्यालय के अधिकारी बनकर उन्हें फोन किया। उनसे कहा गया कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल कर आईसीआईसीआई बैंक की हुबली शाखा से लाखों रुपए का बेनामी लेनदेन किया गया है। इस कारण उनके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज होने की बात कही गई। साथ ही नागपुर पुलिस की मदद से उन्हें गिरफ्तार किए जाने का डर भी दिखाया गया।

आरोपियों ने नंदकिशोर को और अधिक विश्वास में लेने के लिए चिराग रावल नामक आरोपी के साथी से कॉन्फ्रेंस पर बात कराई। इस व्यक्ति ने खुद को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बताया। लगातार धमकियों और गिरफ्तारी के डर से नंदकिशोर पूरी तरह आरोपियों के झांसे में आ गए। इसके बाद साइबर ठगों ने उनसे सेवानिवृत्ति के बाद मिली उनकी जमा पूंजी आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में जमा कराने को कहा।

नंदकिशोर ने आरोपियों के निर्देश पर कुल 60 लाख 60 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। रकम जमा करने के बाद उन्हें अपने साथ हुई साइबर ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद साइबर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल नंबर और जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की गई, उनके आधार पर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों का कोई ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।


Created On :   10 Sept 2026 5:05 PM IST

Tags

Next Story