Nagpur News: नागपुर में 5.40 लाख का प्रतिबंधित नायलॉन मांजा जब्त

नागपुर में  5.40 लाख का प्रतिबंधित नायलॉन मांजा जब्त
  • यशोधरानगर में सामाजिक सुरक्षा पथक व मानव विरोधी तस्करी दस्ता कार्रवाई
  • 7.45 लाख का माल जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

Nagpur News पतंगबाजी में इस्तेमाल होने वाले प्रतिबंधित नायलॉन मांजे से होने वाली दुर्घटनाओं और जीवितहानी को रोकने के लिए पुलिस ने अवैध रूप से मांजा रखने और बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में सामाजिक सुरक्षा पथक और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (मानव तस्करी विरोधीदस्ता) की टीम ने यशोधरानगर थाना क्षेत्र के एकता नगर में कार्रवाई करते हुए 5.40 लाख रुपए कीमत का 180 नग मोनो काइट नायलॉन मांजा जब्त किया। कार्रवाई में मांजे के साथ ई-रिक्शा, मोपेड और मोबाइल समेत कुल 7.45 लाख रुपए का माल जब्त किया गया।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर की रात 8.30 से 10.10 बजे के बीच सामाजिक सुरक्षा पथक और मानव विरोधी तस्करी दस्ता को गुप्त सूचना मिली थी कि एकता नगर क्षेत्र में प्रतिबंधित नायलॉन मांजे की अवैध रूप से बिक्री और परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पंचों और स्टाफ की मदद से बताए गए स्थान पर जाल बिछाया।

इस दौरान पुलिस ने मो. शाहिद मो. सईद अन्सारी (27), निवासी शीतला माता मंदिर के पास, यशोधरानगर को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से शासन द्वारा प्रतिबंधित मोनो काइट नायलॉन मांजे के 180 नग मिले। इसकी कीमत 5 लाख 40 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी इस मांजे को अवैध रूप से बिक्री करने के उद्देश्य से अपने पास रखकर उसका परिवहन कर रहा था।

7.45 लाख का माल जब्त : कार्रवाई में पुलिस ने प्रतिबंधित मांजे के अलावा 1.20 लाख रुपए कीमत का ई-रिक्शा, 75 हजार रुपए कीमत की सुजुकी कंपनी की मोपेड और 10 हजार रुपए कीमत का रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया। इस तरह जब्त किए गए माल की कुल कीमत 7 लाख 45 हजार रुपए है।

पुलिस ने मामले में पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 5 और 15 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत यशोधरानगर थाने में मामला दर्ज किया है। प्रकरण में फैजान अन्सारी, निवासी मोमिनपुरा, नागपुर को वांछित आरोपी बनाया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।

कार्रवाई के बाद गिरफ्तार आरोपी को आगे की जांच के लिए यशोधरानगर पुलिस के हवाले कर दिया गया। सामाजिक सुरक्षा पथक व मानव विरोधी तस्करी दस्ता के पुलिस निरीक्षक दर्शन पाटील के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के बाद प्रतिबंधित नायलॉन मांजे की बिक्री, भंडारण और परिवहन करने वालों पर पुलिस की नजर और कड़ी होने की संभावना है।


Created On :   10 Sept 2026 4:20 PM IST

Tags

Next Story