मौसम का मिजाज...: नागपुर सहित विदर्भ में बेमौसम बारिश से बढ़ी ठंड, फसलें प्रभावित

  • मूसलाधार बारिश से फसलों को नुकसान
  • चारों तरफ फैला कोहरा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। ऊपरी हवा में चक्रवात तैयार होने से नागपुर जिले में कुछ स्थानों पर मंगलवार की सुबह से तेज बारिश हो रही है। बारिश से मौसम का मिजाज ठंडा हुआ है। अधिकतम तापमान गिरने से सर्दी का एहसास हुआ और पिछले कई महीनों से अलमारी में पड़े गर्म कपड़े बाहर निकलने लगे। सोमवार को दिन भर बादल छाए रहे आैर ठंडी का एहसास हुआ। ठंड से बचने के लिए लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लिया। खासकर तड़के व शाम को ठंड का ज्यादा एहसास हो रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

चक्रवात बनने से नमी

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण गुजरात से मध्य प्रदेश तक ऊपरी हवा में चक्रवात बनने से नमी आ रही है। इसी तरह बंगाल की खाड़ी में भी कम दबाव का क्षेत्र तैयार हुआ है। ऊपरी हवा में चक्रवात के कारण नागपुर समेत विदर्भ में हल्की बारिश हो रही है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में कमी आई। पिछले 48 घंटे में अधिकतम तापमान में 6.1 डिग्री की कमी आई है। मौसम विभाग के अनुसार 29 नवंबर तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा। बादल छाए रहने से न्यूनतम तामपान आैसत से अधिक बना हुआ है। मौसम खुलने के बाद अधिकतम तापमान में थोड़ी वृद्धि होगी आैर न्यूनतम तापमान गिरेगा, जिसके बाद ठंडी का ज्यादा असर होगा। 29 नवंबर तक जिले में हल्की बारिश हो सकती है। 29 के बाद मौसम खुलने की संभावना है। ठंडी के कारण वातावरण में कुहासा (हल्का सा काला) बना हुआ है। फिलहाल धुंध की संभावना नहीं है।

तारीख अधिकतम न्यूनतम

27 नवंबर 24.2 18.2

26 नवंबर 29.8 16.0

25 नवंबर 30.3 17.3

(तापमान डिग्री सेल्सियस में)

Created On :   28 Nov 2023 5:31 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story