अवसर: फडणवीस ने कहा - बेहतर रोजगार सृजन के साथ विदर्भ के विकास को बड़ी प्राथमिकता

फडणवीस ने कहा - बेहतर रोजगार सृजन के साथ विदर्भ के विकास को बड़ी प्राथमिकता
  • चिकित्सा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम
  • सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट के बारे में सोचे होरिबा कंपनी

डिजिटल डेस्क, नागपुर. उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि विदर्भ में अधिक रोजगार सृजन करने के लिए हमने सर्वसुविधायुक्त औद्योगिक क्षेत्र बनाने पर जोर दिया है। जापान की होरिबा कंपनी, जो विभिन्न देशों में काम कर रही है, के इस नए अत्याधुनिक प्रोजेक्ट से नागपुर के औद्योगिक क्षेत्र को एक नई पहचान मिली है। बुटीबोरी औद्योगिक कालोनी में जापान की होरिबा कंपनी के सुविधा केंद्र के कोनशीला का अनावरण केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों हुआ। कंपनी के अध्यक्ष अात्सुशी होरिबा, होरिबा इंडिया के अध्यक्ष डाॅ. जय हाकु, कारपोरेट अधिकारी डाॅ. राजीव गौतम, पूर्व सांसद डाॅ. विकास महात्मे आदि उपस्थित थे।

चिकित्सा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम

फडणवीस ने कहा कि लगभग 200 करोड़ रुपये के निवेश से बुटीबोरी औद्योगिक एस्टेट में स्थापित यह परियोजना भारत में लगभग 30 हजार डायग्नोस्टिक प्रयोगशालाओं को आवश्यक उपकरण प्रदान करेगी। परीक्षण प्रयोगशालाओं के लिए समाधान और इलेक्ट्रॉनिक चिप्स पर होरिबा कंपनी का काम चिकित्सा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। लगभग 12 एकड़ भूमि पर बनने वाली इस कंपनी का भूमिपूजन तीन वर्ष पहले किया गया था। उन्होंने कहा कि नागपुर अब न केवल एक महानगर है, बल्कि बुनियादी सुविधाओं से भरपूर महानगर भी है। कंपनी की भविष्य की परियोजनाओं के लिए आवश्यक स्थान और बुनियादी ढांचा प्रदान करेंगे।

यहां सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट के बारे में सोचे होरिबा कंपनी

बहुत कम समय में भारत ने मेडिकल टूरिज्म हब के रूप में पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। आज की तुलना में हम विश्व में 10वें स्थान पर हैं। हम यहां चिकित्सा क्षेत्र में विश्व स्तरीय सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से दुनिया को एक अलग पहचान देंगे। इसके साथ ही भारत अब सेमीकंडक्टर्स का हब बन गया है। होरिबा कंपनी को यहां सेमीकंडक्टर प्रोजेक्ट के बारे में विचार करना चाहिए।

रोजगार को बढ़ावा मिलेगा : गडकरी

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि विभिन्न औद्योगिक कंपनियां नागपुर की औद्योगिक क्षेत्रों में आने से स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। यह प्रयास विदर्भ की सामाजिक और आर्थिक प्रगति के लिए है। आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए यह कदम महत्वपूर्ण होगा। गडकरी ने बताया कि भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए हर स्तर से प्रयास किए जाने चाहिए। सरकार की नीति उद्योग क्षेत्र को प्रोत्साहित करने की रही है। इसके लिए हर तरह का सहयोग दिया जाएगा। औद्योगिक एरिया के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Created On :   7 July 2024 11:45 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story