चुनाव: विस चुनावों में अहम जिम्मेदारी संभाल रहे नागपुर के नेता

विस चुनावों में अहम जिम्मेदारी संभाल रहे नागपुर के नेता
किसी को बूथ प्रबंधन, किसी को मिली सभाओं की जिम्मेदारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव अंतिम चरण में पहुंचने लगा है। इनमें सभी प्रमुख दल ताकत आजमा रहे हैं। विविध राज्यों से कार्यकर्ता अपनी-अपनी पार्टी के लिए चुनाव कार्य में भागीदारी दर्ज करा रहे हैं। ऐसे में हमारे यहां के नेता भी पीछे नहीं हैं। बड़े नेताओं के अलावा जिला स्तर के संगठन पदाधिकारी अलग-अलग जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। किसी को बूथ प्रबंधन, तो किसी को प्रचार सभाओं की जिम्मेदारी मिली है।

मध्य प्रदेश

अलग-अलग जिलों में भेजे गए भाजपा नेता : मध्यप्रदेश में 17 नवंबर को मतदान होने वाला है। वहां भाजपा नेताओं को अलग-अलग जिलों में भेजा गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी मंगलवार को छिंदवाड़ा जिले में सभाएं लेंगे। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मध्यप्रदेश में कई स्थानों पर सभाएं ले चुके हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले भी प्रमुख प्रचारक नेताअों में शामिल हैं। विधायक कृष्णा खोपड़े, विधायक विकास कुंभारे, विधानपरिषद सदस्य प्रवीण दटके, विधायक टेकचंद सावरकर महाकौशल क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्रों में डटे हुए हैं। विधान परिषद सदस्य दटके को छिंदवाड़ा के सौंसर क्षेत्र में संगठन कार्य का दायित्व मिला है। सिवनी, बालाघाट, बैतूल जिले में भी यहां के पदाधिकारी पहुंच रहे हैं।

कांग्रेस के महिला-पुरुष नेता भी जोर लगाने पहुंचे : उधर कांग्रेस ने भी जोर लगा रखा है। मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। उनके करीबी समर्थक के तौर पर पूर्व मंत्री व सावनेर के विधायक सुनील केदार बीते 10 दिनों से मध्यप्रदेश में हैं। वे कमलनाथ के साथ भी सभाआें में नजर आते हैं। विधानपरिषद सदस्य अभिजीत वंजारी ने सौंसर क्षेत्र में छोटी सभाओं की जिम्मेदारी संभाल रखी है। प्रणिति शिंदे, प्रतिभा धानोरकर सहित अन्य महिला नेता भी इसी क्षेत्र में कांग्रेस के प्रचार में शामिल हो रही हैं। पूर्व मंत्री यशोमति ठाकुर मध्यप्रदेश के मालवा क्षेत्र में प्रचार का जिम्मा संभाल रही हैं।

तेलंगाना-राजस्थान : तेलंगाना में कांग्रेस के प्रभारी माणिकराव ठाकरे पूरे प्रचार कार्य की कमान संभाले हुए हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अतुल लोंढे सहित कुछ पदाधिकारियों को राजस्थान की जवाबदारी दी गई है।

Created On :   14 Nov 2023 7:25 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story