- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- यूपीएससी की तरह एमपीएससी के छात्रों...
रोजगार का अवसर: यूपीएससी की तरह एमपीएससी के छात्रों को मिलेगा नौकरी का मौका, राज्य में अब निपुण सेतु पोर्टल

Nagpur News. यूपीएससी की परीक्षाओं के साक्षात्कार तक पहुंचने के बाद भी अंतिम मेरिट सूची में स्थान नहीं बना पाने वाले योग्य उम्मीदवारों के लिए यूपीएससी ने ‘प्रतिभा सेतु’ नामक डिजिटल पोर्टल शुरू किया है। यह पोर्टल ऐसे प्रतिभाशाली उम्मीदवारों को सरकारी तथा निजी क्षेत्र के नियोक्ताओं से जोड़ता है, जिससे उन्हें रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। यूपीएससी के इसी पोर्टल की तर्ज पर अब राज्य में एमपीएससी के लिए भी ‘निपुण सेतु’ पोर्टल शुरू किया गया है। इससे एमपीएससी परीक्षाओं में अंतिम मेरिट सूची में स्थान नहीं बना पाने वाले योग्य छात्रों को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।
नागपुर के छात्र ने उठाई थी मांग
इस मांग को लेकर नागपुर के एमपीएससी के छात्र मनीष धावड़े ने पूर्व विधायक संदीप जोशी को एक ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में छात्र ने कहा था कि "प्रतिभा सेतु' पोर्टल प्रतिभाशाली युवाओं को करियर के नए अवसर प्रदान करने में मदद करता है, ताकि उनकी कड़ी मेहनत व्यर्थ न जाए और यह प्रतिभा तथा अवसरों के बीच एक ‘सेतु’ का कार्य करता है, जहां नियोक्ता इन उम्मीदवारों को खोजकर नौकरी दे सकते हैं। इस पोर्टल के माध्यम से यूपीएससी के कई छात्रों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। इसी प्रकार एमपीएससी की परीक्षाओं में अंतिम मेरिट सूची में स्थान नहीं बना पाने वाले योग्य छात्रों के लिए भी ऐसा डिजिटल पोर्टल शुरू किया जाए, ताकि उन्हें भी रोजगार के अवसर मिल सकें।
बैठक में यह विषय रखा गया : विधायक से अनुरोध किया गया था कि इस विषय पर मुख्यमंत्री से चर्चा कर राज्य स्तर पर शीघ्र ही एमपीएससी के छात्रों के लिए ऐसा डिजिटल पोर्टल शुरू किया जाए। उसके बाद 13 अप्रैल 2026 की मंत्रिमंडल की बैठक में यह विषय रखा गया और अब 5 जून को शासन निर्णय जारी कर उद्योग विभाग द्वारा विकसित सिंगल विंडो प्रणाली ‘मैत्री 2.0’ पोर्टल के अंतर्गत ‘निपुण सेतु’ नामक महत्वाकांक्षी पहल शुरू करने तथा इसके लिए ‘निपुण सेतु’ पोर्टल विकसित करने को मंजूरी प्रदान की गई है।
योजना के दायरे और पात्रता की शर्तें
पात्रता : यह योजना उन सभी अभ्यर्थियों के लिए लागू होगी, जो एमपीएससी की किसी भी परीक्षा में साक्षात्कार, कौशल परीक्षा या शारीरिक परीक्षा जैसे अंतिम चरण तक पहुंचे हों, लेकिन अंतिम चयन सूची में जगह नहीं बना सके हों।
लागू होने की अवधि : शासन निर्णय जारी होने की तारीख से यह व्यवस्था एमपीएससी की आगामी सभी परीक्षाओं पर अनिवार्य रूप से लागू रहेगी।
पुराने उम्मीदवारों को भी लाभ : पिछले एक वर्ष में अंतिम चरण तक पहुंचे, लेकिन चयनित नहीं हो सके अभ्यर्थियों की जानकारी भी उनकी सहमति और तकनीकी उपलब्धता के आधार पर पोर्टल पर शामिल की जा सकेगी।
यह भी पढ़े -राजस्व मंत्री बावनकुले ने गुमथला में महसुली नाले का किया निरीक्षण, मानसून से पहले सफाई का जायजा
"निपुण सेतु' योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, तकनीकी समन्वय तथा समय-समय पर आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए राज्य स्तरीय निगरानी समिति गठित की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव समिति के अध्यक्ष होंगे, जबकि विकास आयुक्त (उद्योग) एवं मैत्री कक्ष के अध्यक्ष सदस्य सचिव की भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा पांच अन्य सदस्य समिति में शामिल रहेंगे।
Created On :   8 Jun 2026 4:55 PM IST












