बड़ा लक्ष्य: बनाएंगे एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी वाला महाराष्ट्र, विदर्भ के समग्र विकास पर जोर

बनाएंगे एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी वाला महाराष्ट्र, विदर्भ के समग्र विकास पर जोर
  • नागपुर समेत विदर्भ के समग्र विकास के लिए कर रहे हैं काम
  • फडणवीस ने कहा - विकसित भारत के लिए संवैधानिक कर्तव्य का पालन करें
  • विदर्भ के विकास के लिए प्रतिबद्ध

डिजिटल डेस्क, नागपुर. उप मुख्यमंत्री व पालक मंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने अमृत काल में संविधान द्वारा प्रदत्त मूल अधिकारों के साथ-साथ आम नागरिक को दिए गए मूल कर्तव्यों का पालन कर देश के विकास और महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर बनाने का संकल्प लेने को कहा। महाराष्ट्र सरकार किसानों के कल्याण और नागपुर समेत विदर्भ के विकास के लिए काम कर रही है। बता दें कि भारत की इकोनॉमी तेजी से बढ़ रही है और जल्दी ही इसके 5 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंचने की उम्मीद की जा रही है। माना जा रहा है कि साल 2028 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी बन जाएगा। इस बीच देश के कई राज्यों में एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनने की होड़ मची है। इनमें महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात और कर्नाटक शामिल हैं।

आला अधिकारी थे उपस्थित

कस्तूरचंद पार्क मैदान में आयोजित भारतीय गणतंत्र दिवस की 74वीं वर्षगांठ के मुख्य सरकारी कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का मार्गदर्शन करते हुए फडणवीस बोल रहे थे। इस दौरान विभागीय आयुक्त विजयलक्ष्मी बिदरी, पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अश्वती दोरजे, जिलाधीश डॉ. विपिन इटनकर, मनपा आयुक्त डाॅ. अभिजीत चौधरी, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सौम्या शर्मा, नागपुर सुधार प्रन्यास के अध्यक्ष मनोज कुमार सूर्यवंशी आदि सहित नागपुर के केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न पदों के अधिकारी, स्वतंत्रता सेनानी, जन प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

विदर्भ के विकास के लिए प्रतिबद्ध

फडणवीस ने कहा, यह छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक का 350वां वर्ष है। उन्होंने लोकतंत्र की संकल्पना को लागू करके जनता का राज्य बनाया। प्रभु श्रीराम ने लोकतांत्रिक अवधारणा के आधार पर रामराज्य की रचना की थी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी लोग संविधान द्वारा नागरिकों को दिए गए बुनियादी अधिकारों को पूरा करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपेक्षित अमृतकाल में एक विकसित भारत बनाने के लिए अपना कर्तव्य निभाएंगे। महाराष्ट्र सरकार नागपुर और विदर्भ के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इस क्षेत्र का बड़े पैमाने पर विकास किया जाएगा।

मदद- सरकार किसानों के साथ खड़ी है

कृषि सौर वाहिनी योजना के जरिए किसानों को काफी मदद दी जा रही है। 1 रुपए में फसल बीमा, नमो किसान सम्मान निधि और किसानों के खाते में सालाना 6,000 रुपए के साथ कुल 12,000 रुपए दिए जा रहे हैं। विदर्भ के 9 जिलों में सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी। इस परियोजना से कृषि विकास को बढ़ावा मिलेगा।

विकास- 5 आईटी कंपनियां मिहान में

देश की 6 प्रमुख आईटी कंपनियों में से 5 मिहान में आ चुकी हैं और मिहान में एक आईटी इकोसिस्टम तैयार हो रहा है। नागपुर में मिहान परियोजना के माध्यम से अब तक एक लाख से अधिक रोजगार निर्माण किए गए हैं। नागपुर और भंडारा जिले की सीमा पर अंभोरा में 300 करोड़ की लागत से जल पर्यटन सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। रामटेक विकास योजना पूरी की जा रही है। पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अनेक उपाय किये जा रहे हैं।

सुविधा- 33 मेट्रो स्टेशन तैयार होंगे

नागपुर मेट्रो का दूसरा चरण (स्टेज) शुरू हो चुका है और इसके जरिए 43 किलोमीटर का नया रूट और 33 मेट्रो स्टेशन बनाए जा रहे हैं। नागपुर शहर में एक हजार करोड़ के फ्लाई ओवर बनाए जा रहा है। मनकापुर में एक अत्याधुनिक खेल परिसर का निर्माण किया जा रहा है और ओलंपिक स्तर के एथलीट तैयार करने के लिए एक प्रणाली स्थापित की जा रही है।

साधन- बसें खरीदने मनपा को दिए 137 करोड़

उन्होंने कहा कि अगले तीन साल में मनपा की सभी बसें इलेक्ट्रिक से चलेंगी। 250 बसें खरीदने के लिए मनपा को 137 करोड़ रुपए दिए गए हैं। शहर में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 49 नागरिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चालू किए जाएंगे।। शहर जल्द ही टैंकर मुक्त हो जाएगा। नागनदी विकास, अंबाझरी तालाब के मजबूतीकरण शुरू हो गया है।

शुभकामनाएं दीं- संबोधन के बाद फडणवीस ने स्वतंत्रता सेनानियों और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात की। गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा किए गए कवायद का निरीक्षण किया। नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में पथ संचलन हुआ। कार्यक्रम का संचालन सेवानिवृत्त चिकित्सा अधिकारी डाॅ. दीपक सालिवकर और महेश बागदेव ने किया।

Created On :   28 Jan 2024 12:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story