अनोखी पहल: दिला रहे हैं संकल्प- एक पेड़, तीन रक्षक, 18 हजार से अधिक पौधे लगा बने प्रेरणास्रोत

दिला रहे हैं संकल्प- एक पेड़, तीन रक्षक, 18 हजार से अधिक पौधे लगा बने प्रेरणास्रोत
  • एक व्यक्ति से, एक मिशन तक
  • बने पर्यावरण संरक्षण के प्रेरणास्रोत

Nagpur News. “एक पेड़ लगाओ और तीन लोगों को उसकी जिम्मेदारी दो” यह सरल, लेकिन प्रभावी सोच नागपुर के पर्यावरणप्रेमी संजय सापेलकर ने अपनाई और इसी अनोखी पहल के माध्यम से आज वे हजारों पेड़ों के संरक्षक बन चुके हैं। साल 2010 से शुरू किए गए इस अभियान के तहत उन्होंने अब तक 17 से 18 हजार पेड़ लगाए हैं।

एक व्यक्ति से, एक मिशन तक

संजय सापेलकर ने पेड़ लगाने का कार्य किसी संस्था या सरकारी योजना से नहीं, बल्कि अपने व्यक्तिगत संकल्प से शुरू किया। हर रविवार, वे अपने दोस्तों और परिचितों के घर जाते और वहां एक पेड़ लगाते। इसके साथ ही वे उस पेड़ की देखभाल की जिम्मेदारी तीन व्यक्तियों को सौंपते, ताकि किसी एक के अनुपस्थित रहने पर भी पेड़ को पानी, खाद और सुरक्षा मिलती रहे। धीरे-धीरे उनके इस कार्य की चर्चा लोगों में फैलने लगी।

सहयोग फाउंडेशन की स्थापना

पेड़ों के संरक्षण को एक संगठित रूप देने के लिए उन्होंने ‘सहयोग फाउंडेशन’ की स्थापना की। इस फाउंडेशन में आज 35 से 40 लोग सक्रिय रूप से कार्यरत हैं, जो न सिर्फ पौधे लगाते हैं बल्कि उनकी देखरेख भी करते हैं। संजय कहते हैं कि पेड़ लगाना आसान है, उसे बड़ा करना ही सच्ची सेवा है।

रेलवे और सरकार का सहयोग

संजय सापेलकर की पहल को देखते हुए अब रेलवे विभाग और प्रशासन ने भी उनके कार्य को सराहा है। उनके फाउंडेशन को हाल ही में सरकारी भूमि पर 250 पेड़ लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। यह उनके अब तक के समर्पण और मेहनत का प्रमाण है। वे बताते हैं कि जब उन्होंने शुरुआत की थी, तो कई लोगों ने इस कार्य को महत्व नहीं दिया। उन्होंने नगरसेवकों और अधिकारियों से भी संपर्क किया, पर मनचाहा सहयोग न मिलने पर उन्होंने अकेले ही अभियान की शुरुआत की।

अपील- पेड़ हैं तो जीवन है

संजय की यह पहल आज कई युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी है। उनके ‘रविवार वृक्षारोपण अभियान’ से प्रेरित होकर कई मोहल्लों और कॉलोनियों में भी लोग अपने स्तर पर ग्रीन मिशन चला रहे हैं।

Created On :   10 Nov 2025 6:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story