Nagpur News: अखबारों में युवाओं के पसंदीदा विषयों को प्राथमिकता मिले

अखबारों में युवाओं के पसंदीदा विषयों को प्राथमिकता मिले
  • सेवन हिल्स एडवरटाइजिंग कंपनी के संचालक तरुण निर्बाण से विशेष चर्चा
  • युवाओं पर ज्यादा फोकस करने पर दिया जोर

Nagpur News अख़बार आज भी सूचना एवं ख़बरों का पसंदीदा और विश्वसनीय माध्यम है। हालाँकि, आजकल जेन जी डिजिटल माध्यमों पर ज्यादा विश्वास कर रही है। लेकिन जैसे-जैसे उन्हें प्रिंट का महत्व समझ में आएगा, वैसे-वैसे उनका झुकाव इसकी ओर बढ़ने लगेगा। युवाओं को आकर्षित करने के लिए अखबारों में उनकी रुचि के विषयों को शामिल करना चाहिए। यह विचार सेवन हिल्स एडवरटाइजिंग कंपनी के संचालक तरुण निर्बाण ने "दैनिक भास्कर' के संपादकीय सहयोगियों से चर्चा में व्यक्त किए।

नवाचार की जरूरत : प्रिंट मीडिया के भविष्य पर तरुण निर्बाण ने कहा कि लोगों को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर भरोसा नहीं है। यही कारण है कि वे खबरों की पुष्टि करने के लिए दूसरे दिन अखबार जरूर पढ़ते हैं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर कई मनगढ़ंत खबरें दिखाई गईं, लेकिन जनता ने इन पर भरोसा नहीं किया। दूसरे दिन अखबारों में छपी खबर पर ही लोगों ने भरोसा किया। उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि अखबारों को रीडरशिप बढ़ाने के लिए युवाओं पर ज्यादा फोकस करनी चाहिए। नई पीढ़ी की रुचियों को देखते हुए अख़बारों में भी नवाचार करने की आवश्यकता है। प्रिंट मीडिया में ट्रैवल, टेक्नोलॉजी एवं फूड से जुड़े युवाओं के पसंदीदा विषयों को ज्यादा प्राथमिकता देने की आवश्यकता है।

कुछ नया कर दिखाना है : कई सामाजिक और औद्योगिक संगठनों से जुड़े तरुण निर्बाण ने कहा कि युवाओं में अखबार पढ़ने की आदत बनानी होगी। क्लाइंट डिजिटल माध्यमों की भी डिमांड कर रहे हैं। जनरेशन गैप को कम करना बहुत जरूरी हो गया है। प्रिंट मीडिया हर दिन बढ़ रहा है और अागे भी बढ़ता रहेगा। अखबार नॉलेज बढ़ाता है। सही गलत का ज्ञान देता है। डिजिटल मीडिया संक्षिप्त खबरें बताता है, लेकिन खबरों की गहराई और विश्वसनीयता प्रिंट मीडिया में ही होती है। चर्चा के दौरान "दैनिक भास्कर' परिवार के मणिकांत सोनी, आनंद िनर्बाण, अजय त्रिपाठी, सुप्रियो दासगुप्ता, प्रफुल नटिये, दर्शनी धवड़, राजीव कौशिक, सचिन कपूर, दीपक करनाले, समीर खन्ना, श्रीकांत भालेराव, कोमल पवार, मुकुंद कडवे, आदेश गुप्ता और कुणाल जायसवाल उपस्थित थे।

सेवन हिल्स एडवरटाइजिंग कंपनी : सेवन हिल्स एडवरटाइजिंग कंपनी की स्थापना 2003 में की गई थी। यह अखबार, टीवी, रेडियो, होर्डिंग्स के साथ ही इवेंट और पब्लिक रिलेशन का भी काम करती है। विज्ञापन एजेंसी का मुख्यालय धंतोली में है। यह एजेंसी जवाबदेह रचनात्मकता, नवीन रणनीतियों और ग्राहक-केंद्रित समाधानों पर ध्यान देती है।


Created On :   11 Jun 2025 1:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story