- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- विधानसभा चुनाव में 30 सीटों पर हुई...
Nagpur News: विधानसभा चुनाव में 30 सीटों पर हुई सबसे अधिक धांधली, कांग्रेस ने जुटाए प्रमाण

- प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल का दावा
- निकाय चुनाव में राज्य स्तर पर नहीं होगा गठबंधन
- विधानसभा चुनाव में 30 सीटों पर हुई सबसे अधिक धांधली
- राहुल की बातें सत्य, फडणवीस के जवाब भी झूठे
Nagpur News. राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान में फिक्सिंग के आरोप को दोहराते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा है कि उनकी पार्टी के पास धांधली के पर्याप्त प्रमाण है। राज्य में 30 विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक धांधली हुई है। इनमें नागपुर जिले की कामठी व सावनेर सीट का समावेश है। धांधली की जांच के लिए पार्टी की समिति काम कर रही है। मनपा व जिला परिषद सहित अन्य स्थानीय निकाय संस्थाओं के चुनाव को लेकर सपकाल ने कहा कि चुनाव रणनीति तैयार करने व गठबंधन के निर्णय का अधिकार स्थानीय नेतृत्व व वरिष्ठ नेताओं को दिया गया है। इन चुनावों के लिए कांग्रेस राज्य स्तर पर कोई गठबंधन नहीं करेगी। मंगलवार को सपकाल ने दैनिक भास्कर कार्यालय में संपादकीय सहयोगियों से चर्चा की। सपकाल पिछले कुछ समय से लगातार राज्य चुनाव आयोग व आयोग के अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आयोग जवाब देने के बजाय नई अधिसूचनाएं जारी कर जानकारी देने से इनकार कर देता है। यह सवाल बना हुआ है कि मतदान के अंतिम समय में मतदाताओं की संख्या अचानक कैसे बढ़ी, मतदाता कौन थे।
भाजपा कमजाेर
कांग्रेस सहित विविध दलों के नेताओं के भाजपा में प्रवेश को लेकर सपकाल ने कहा कि भाजपा स्वयं साबित कर रही है कि वह कमजोर है,इसलिए कांग्रेस के नेताओं की मदद ली रही है, पार्टी में प्रवेश करा रही है। कांग्रेस के पास विपक्ष की स्पेस है। राज्य में संख्याबल की अलग बात है लेकिन वास्तव में विपक्ष की भूमिका कांग्रेस ही निभा रही है। सड़क पर आंदोलन से लेकर सरकार से सवाल पूछने के मामले में कांग्रेस आगे है। तकनीकी व धुव्रीकरण के माध्यम से भाजपा ने मजबूत स्थिति पायी है। लेकिन समाज में बदलाव होते रहता है। पार्टी व सत्ता की स्थिति भी स्थिर नहीं रहती है।
प्रदेश कार्यकारिणी की प्रक्रिया
कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया चल रही है। नवसृजन कार्यक्रम के माध्यम से जिला स्तर पर संगठन पुनर्गठन किया जा रहा है। जिला समिति को विशेषाधिकार दिया गया है। जिला स्तर पर अध्यक्षों के कार्य की समीक्षा की जा रही है। नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार नहीं
संगठन मामले में सपकाल ने कहा-मुझे कोई चुनौती नहीं दिख रही है। पार्टी में खींचतान नहीं है। मेरा किसी से विवाद नहीं है। मुख्यमंत्री पद का उम्मीद वार नहीं हूं। विचार की राजनीति करता हूं। सभी वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन मिल रहा है। मित्रदलों के गुटों के एकत्र आने की चर्चाएं सुनी जा रही है। राज्य में आघाडी गठबंधन भाजपा की नीति व कार्यप्रणाली के विरोध में बना । लोकतंत्र व संविधान के विषय के साथ भाजपा के विरोध जो भी दल सामने आएंगे उन्हें गठबंधन में शामिल करेंगे। संदेश सिंगलकर उपस्थित थे।
यह भी पढ़ -महाराष्ट्र में वन क्षेत्रों में वृद्धि के आंकड़े भ्रामक करने वाले
सेना पर भरोसा, पर पाकिस्तान कर रहा जीत का दावा
आपरेशन सिंदू को लेकर सवाल पर सपकाल ने कहा-हमारा भारतीय सेना पर पूरा भरोसा है। युद्ध के समय हम सरकार के साथ रहे। लेकिन आपरेशन सिंदू को लेकर विश्व में अलगअलग चर्चाएं है। पाकिस्तान जीत का दावा कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्र सरकार इस विषय पर अधिक नहीं बोलती है। इस विषय पर चर्चा होनी चाहिए।
राहुल की बातें सत्य, फडणवीस के जवाब भी झूठे
सपकाल ने कहा-राहुल गांधी की बातें समयांतर में सत्य साबित होती है। लेकिन देवेंद्र फडणवीस के जवाब भी झूठे रहते हैं। कोविड संक्रमण काल में राहुल गांधी ने जो बातें कही थी वह सही साबित हुई। सरकार की नीति, निर्णय पर भी राहुल गांधी ने जब भी बोला वह सही साबित हुआ। देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि विदर्भ राज्य निर्माण होने तक अविवाहित रहेंगे। भ्रष्टाचारियों के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। फडणवीस के कई जवाब झूठ साबित हुए।
Created On : 10 Jun 2025 6:56 PM IST