Nagpur News: भाजपा की शहर कार्यकारिणी लगभग तय, आगलावे-गावंडे-पाटील को मिल सकती है प्रमुख जिम्मेदारी

भाजपा की शहर कार्यकारिणी लगभग तय, आगलावे-गावंडे-पाटील को मिल सकती है प्रमुख जिम्मेदारी
  • संघ कार्यकर्ताओं का सहयोग
  • आगलावे-गावंडे-पाटील को प्रमुख जिम्मेदारी मिल सकती है

Nagpur News. भाजपा की शहर कार्यकारिणी लगभग तय है। कार्यकारिणी में प्रमुख पदों पर सीमित पदाधिकारियों की नियुक्ति होगी। श्रीकांत आगलावे, रितेश गावंडे व प्रगति पाटील को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। जल्द ही कार्यकारिणी घोषित की जाएगी। भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार कार्यकारिणी में कुछ प्रकोष्ठों को लेकर नामाें पर चर्चा चल रही है। शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी ने पार्टी के सभी विधायकों व प्रमुख नेता, पदाधिकारियों से नामों पर रायशुमारी ली है। वे स्वयं संगठन मामले के वरिष्ठ अनुभवी है। लिहाजा, प्रस्तावित नामों पर कई बार विचार-विमर्श हुआ है। उल्लेखनीय है कि भाजपा में संगठन मामले में विधानसभा क्षेत्र स्तर पर विस्तार किया गया है। पहले विधानसभा क्षेत्र स्तर पर मंडल समिति रहती थी। अब प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 3 से 4 मंडल समिति तैयार की जा रही है। इन मंडलों की कार्यकारिणी में महामंत्री, उपाध्यक्ष व अन्य पदों पर नियुक्ति के माध्यम से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का संगठन में समायोजन किया जा रहा है। शहर स्तर पर कार्यकारिणी में पदाधिकारी सीमित रहेंगे। खबर है कि नई कार्यकारिणी 20 पदाधिकारियों की होगी। इनमें महामंत्री 4, उपाध्यक्ष 8, मंत्री 8 शामिल रहेंगे। कार्यकारिणी में वरिष्ठ के अलावा नए कार्यकर्ताओं को भी स्थान दिया जाएगा। इसके अलावा विविध प्रकोष्ठों की नियुक्तियां भी की जाएगी। संगठन में महिला मोर्चा, युवा मोर्चा को काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। विविध योजनाओं के प्रचार के अलावा सभाओं व संगठन के राजनीतिक कार्यों में अधिक देने वालों इन मोर्चों को और अधिक मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रकोष्ठों में नियुक्ति को लेकर कुछ इच्छुक कार्यकर्ता अब भी वरिष्ठ पदाधिकारियों के माध्यम से अपना नाम आगे बढ़ा रहे हैं।

संघ कार्यकर्ताओं का सहयोग

बताया गया है कि संगठन कार्य के लिए संघ कार्यकर्ताओं का भी सहयोग लिया जा रहा है। मंडल स्तर पर नियुक्तियों के लिए संघ पदाधिकारियों के सुझाव लिए जा रहे है। शहर स्तर पर महामंत्री पद महत्वपूर्ण रहता है। फिलहाल संदीप गवई, गुड्डू त्रिवेदी, रामभाऊ अंबुलकर, विष्णु चांगदे, अश्विनी जिचकार महामंत्री है। नई कार्यकारिणी में श्रीकांत आगलावे, रितेश गावंडे, प्रगति पाटील, संदीप जाधव को महत्चपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है।

Created On :   16 Aug 2025 9:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story