- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- मामूली विवाद में जानलेवा हमले, आधा...
Nagpur News: मामूली विवाद में जानलेवा हमले, आधा दर्जन स्थानों पर वारदातें, कई आरोपी गिरफ्तार

- विसर्जन जुलूस में धक्का, चाकू से वार
- मध्यस्थता करनी पड़ी महंगी
- मित्र को नसीहत पड़ी भारी
Nagpur News. कड़े पुलिस बंदोबस्त के बावजूद शहर के विभिन्न इलाकों में आधा दर्जन स्थानों पर जानलेवा हमले हुए। इन घटनाओं में जान से मारने का प्रयास किया गया, जिससे कुछ स्थानों पर तनाव का माहौल बन गया। कलमना, वाठोड़ा, वाड़ी और प्रतापनगर थानों में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
विसर्जन जुलूस में धक्का, चाकू से वार
मिनimata नगर निवासी दुर्गेश चौव्हाण (36) और उनका किराएदार देवेंद्र चौव्हाण (26) दुर्गा विसर्जन जुलूस देखने गए थे। जुलूस के दौरान देवेंद्र का धक्का आदित्य चाचेरकर (21) को लग गया। इसी बात पर आदित्य ने अपने भाई आकाश उर्फ टोचू चाचेरकर (20) और एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर गाली-गलौज और मारपीट की। नाबालिग से चाकू लेकर आदित्य ने देवेंद्र पर 2-3 वार किए। गंभीर रूप से घायल देवेंद्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्गेश की शिकायत पर कलमना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आदित्य व आकाश को गिरफ्तार किया, जबकि नाबालिग को हिरासत में लिया गया।
मध्यस्थता करनी पड़ी महंगी
कलमना थाना क्षेत्र के शिवशंभु नगर निवासी सागर चौधरी (25) अपने मित्रों के साथ भरतवाड़ा चौक पर चाय पी रहा था। उसी दौरान उसके मित्र जीत का विवाद होते देख सागर ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। अगले दिन पुनः विवाद होने पर सागर ने समझाने की कोशिश की। तभी आरोपी प्रतिक सेलोकर (21), अमन मानकर (21), अंश भानुसे (23) और ओम मेश्राम (23) ने सागर पर चाकू से हमला किया। गश्ती वाहन समय पर पहुँचने से उसकी जान बच गई। पुलिस ने प्रतिक और अमन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।
मित्र को नसीहत पड़ी भारी
हिंगणा रोड निवासी पुनम (24) 30 सितंबर को अपने मित्र कैलाश चौधरी (25) से मिलने गई थी। उस दौरान कैलाश का मित्र असु म्हात्रे (22) भी मौजूद था। पुनम ने कैलाश को असु से दूर रहने की सलाह दी, जिस पर विवाद हो गया। गुस्से में असु ने फरशी का टुकड़ा मारकर पुनम को घायल कर दिया और भाग निकला। अगले दिन विवेकानंद स्मारक पर पुनम को बुलाकर कैलाश और असु ने मिलकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। प्रतापनगर थाने में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
सब्जी विवाद में सास पर हमला
वाड़ी थाना क्षेत्र के द्रृगधामना निवासी राजू मिटकर (30) का पत्नी से सब्जी को लेकर विवाद हुआ। झगड़े में बीच-बचाव करने पहुँची उसकी सास शशिकला ईटकर (40) पर राजू ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इसमें शशिकला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने राजू के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
Created On :   3 Oct 2025 5:16 PM IST