- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- सर्पमित्र को जहरीले नाग ने डसा ,...
Nagpur News: सर्पमित्र को जहरीले नाग ने डसा , रेस्क्यू करते वक्त हुई घटना

Nagpur News एक सर्पमित्र को सांप ने काट लिया। यह घटना तब हुई, जब वह सांप को पकड़ रहा था। यह सांप नाग था, जो बहुत ज्यादा जहरीला होता है। घटना के बाद सर्पमित्र को तुरंत नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। यहां से स्थिति बिगड़ने के बाद उसे मेडिकल रेफर किया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। बता दें, कि आये दिन सांप काटने की कई घटनाएं सामने आ रही है। बारिश के कारण सांपों के बील में पानी जाने से सांप सूखी जगहों की तलाश में घर तक पहुंच जाते हैं।
यह घटना नागपुर के भिवापुर तहसील के नांद गांव की है। रात करीब 8 बजे राहुल चाचरकर (28) को गांव में एक खतरनाक सांप के होने की खबर मिली। बिना देर किए, राहुल मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि यह कोई साधारण सांप नहीं, बल्कि करीब 3 फीट लंबा, अत्यधिक विषैला नाग था। राहुल ने साहस दिखाते हुए सांप को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन इस बार किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। सांप ने तेजी से हमला किया और राहुल के उंगली को काट लिया। गांववाले तुरंत उन्हें नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से हालत गंभीर होने के कारण उन्हें नागपुर के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इस बीच, वाइल्डलाइफ वेलफेयर सोसाइटी को सूचना मिली।
सोसाइटी के नीतीश भांदक्कर, साहिल शरनागत और गौरांग वाईकर ने तुरंत अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से बात की और राहुल को तत्काल गहन चिकित्सा कक्ष (ICU) में भर्ती करवाया। अभी उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, और उपचार चल रहा है। लेकिन यह कहानी यहीं खत्म नहीं होती। चौंकाने वाली बात यह है कि यह पहली बार नहीं है । जब राहुल को सांप ने काटा। पहले भी वह सर्पदंश का शिकार हो चुका है और किसी तरह बच गया। वाइल्डलाइफ वेलफेयर सोसाइटी के सचिव नीतीश भांदक्कर ने इस घटना पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "सांप पकड़ते समय नशे का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए। राहुल जैसे स्वघोषित सर्पमित्रों को ठीक से प्रशिक्षण लेना चाहिए। उनकी लापरवाही न केवल उनके लिए, बल्कि सांपों और गांववालों के लिए भी खतरा है।"
यह घटना एक चेतावनी है। सांपों को पकड़ना कोई खेल नहीं है। इसके लिए विशेष प्रशिक्षण, सही उपकरण और जिम्मेदारी की जरूरत है। प्रशासन को चाहिए कि ऐसे स्वयंभू सर्पमित्रों पर नजर रखे और नियम बनाए, ताकि प्रशिक्षित लोग बिना जोखिम के यह काम कर सके। राहुल का साहस सराहनीय है, लेकिन उनकी लापरवाही सबक देती है साहस के साथ समझदारी जरूरी है।
Created On :   3 Oct 2025 3:15 PM IST