- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- ठाकरे भाइयों के मनोमिलन की चिंता मत...
Nagpur News: ठाकरे भाइयों के मनोमिलन की चिंता मत करिए, उनका हिसाब मेरे पास है: शिंदे

Mumbai News उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शिवसेना (उद्धव) और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के आगामी मुंबई मनपा चुनाव के लिए संभावित गठबंधन को लेकर धमकी भरे अंदाज में निशाना साधा है। उपमुख्यमंत्री ने शिवसेना (शिंदे) कार्यकर्ताओं से कहा कि ठाकरे भाइयों के मनोमिलन की चिंता मत करिए क्योंकि उनका हिसाब हमारे पास है। गुरुवार को उपमुख्यमंत्री ने शिवसेना (शिंदे) की ओर से आयोजित दशहरा रैली को संबोधित किया।
गोरेगांव के नेस्को प्रदर्शनी केंद्र में आयोजित रैली में शिवसेना (शिंदे) के मुख्य नेता तथा उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई मनपा सहित दूसरे निकायों के चुनाव में महायुति की जीत होगी। यदि मुंबई मनपा में महायुति का महापौर नहीं बनेगा तो यह महानगर 25 साल पीछे चला जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि निकाय चुनाव के बाद उद्धव के साथ उनकी परछाई भी नहीं रहेगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उद्धव के पास 30 साल तक मुंबई मनपा की सत्ता थी। इस सत्ता के जरिए जुटाई गई माया (पैसे) आखिर कहां गए? लंदन में।
फोटोग्राफर को फोटो के अलावा और क्या देखेगा : उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावितों को शिवसेना (शिंदे) की ओर से दिए गए मदद के पैकेट पर मेरी फोटो छापे जाने को लेकर उद्धव ने आलोचना की। लेकिन फोटोग्राफर (उद्धव) को फोटो के अलावा और क्या दिखेगा? मैंने सबसे पहले बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मुंबई से मदद पैकेट का ट्रक भेजा। उसके बाद मैंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। लेकिन उद्धव हाथ हिलाते हुए बाढ़ प्रभावित इलाकों में गए थे और बयानबाजी करके चले आए। मैं बाढ़ प्रभावित परिवारों के बच्चों को विवाह के लिए शिवसेना (शिंदे) की ओर से मदद करूंगा। इस बीच शिंदे ने कहा कि मुख्यमंत्री मेरी लाडली बहन योजना कभी बंद नहीं होगी।
चिदंबरम का बयान नामर्दी है : उपमुख्यमंत्री ने पूर्व गृहमंत्री पी चिदंबरम के उस बयान पर तीखी टिप्पणी की जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत मुंबई के आतंकी हमले के बाद अमेरिका के दबाव के कारण पाकिस्तान पर हमला नहीं कर सका था। शिंदे ने कहा कि चिदंबरम का बयान नामर्दी है। उन्होंने भारत के लोगों के साथ देशद्रोह किया है। जबकि मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान को सबक सिखाया है।
मैं उद्धव की तरह मुजरा करने दिल्ली नहीं जाता : शिंदे ने कहा कि मैं उद्धव की तरह 10 जनपथ (सोनिया गांधी का सरकारी आवास) पर मुजरा करने दिल्ली नहीं जाता हूं। मैं राज्य की विकास परियोजनाओं के लिए पैसे उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली में जाता हूं। महाराष्ट्र के विकास के लिए केंद्र सरकार ने अभी तक 10 लाख करोड़ रुपए उपलब्ध कराया है।
उद्धव के पास केवल लेना बैंक : शिंदे ने कहा कि उद्धव जहां पर जाते हैं, दोनों हाथ उठाकर कहते हैं कि मेरे पास देने के लिए कुछ नहीं है। लेकिन उनके पास जब देने की ताकत थी, तब उन्होंने किसको क्या दिया? उद्धव के पास केवल लेना बैंक है। देना बैंक नहीं है।
Created On :   3 Oct 2025 2:36 PM IST